HomeBreaking Newsमिशन 2027 के लिए BJP का आज से दिल्ली में दो दिवसीय...

मिशन 2027 के लिए BJP का आज से दिल्ली में दो दिवसीय महामंथन, PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी होंगे शामिल

BJP Meeting: दिल्ली में आज, 27 नवंबर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अहम बैठक शुरू होने जा रही है। नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के लिए पार्टी की राजनीतिक एवं चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बैठक की अध्यक्षता करेंगे और उद्घाटन सत्र को संबोधित कर इसकी शुरुआत करेंगे। वहीं, बैठक के अंतिम सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।

2027 के लिए तैयार होगा संगठन और चुनावी रोडमैप

भाजपा की इस बैठक को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मुख्य फोकस वर्ष 2027 के लिए संगठनात्मक और चुनावी रोडमैप तैयार करने पर रहेगा। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी भी हिस्सा लेंगे।

चूंकि अभी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है, इसलिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की इस बैठक का महत्व और बढ़ गया है। इसमें संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के साथ भविष्य की गतिविधियों और पार्टी के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों पर रहेगा खास फोकस

बैठक के एजेंडे में आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियां भी प्रमुखता से शामिल हैं। इन राज्यों में पार्टी संगठन की स्थिति, जनसंपर्क अभियान, स्थानीय राजनीतिक समीकरण और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके अलावा विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे राजनीतिक मुद्दों और नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति भी तैयार की जा सकती है। समाज के अलग-अलग वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने और जमीनी स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय बनाने पर भी मंथन होगा।

दो दिनों में होंगे पांच सत्र

जानकारी के मुताबिक, दो दिवसीय बैठक में कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन यानी 27 नवंबर को एक सत्र होगा, जबकि 28 नवंबर को चार सत्रों में अलग-अलग विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक दोपहर करीब 2 बजे शुरू होगी।

पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी पहले भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद सभी को बस के जरिए एक साथ पूसा परिसर ले जाया जाएगा। बैठक में शामिल होने वाले पदाधिकारी दोनों दिन वहीं रुकेंगे। इस दौरान उनके साथ किसी सहायक को रहने की अनुमति नहीं होगी।

नितिन नबीन करेंगे शुरुआत, समापन पर PM मोदी का संबोधन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। वहीं, बैठक के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में संगठन की भावी दिशा, चुनावी तैयारियों और पार्टी की प्राथमिकताओं को लेकर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।

नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह दूसरी बैठक होगी। ऐसे में इस दो दिवसीय मंथन को भाजपा के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और 2027 के चुनावी रोडमैप के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Read More:

संसद के विशेष सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, आज दोपहर करीब 1 बजे सेवातीर्थ में कई अहम मुद्दों पर किया जाएगा मंथन

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments