मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में युवती के साथ मारपीट और उसे जबरन अंदर खींचने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। होटल स्क्वेयर को सील कर दिया गया है, जबकि फरार युवक के परिजनों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मुकदमा भी दर्ज किया है।
शोर मचाकर होटल से बाहर भागी युवती
घटना मंगलवार, 24 नवंबर को सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन की है। होटल स्क्वेयर से एक युवती ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागी। इसी दौरान पीछे से आए युवक ने उसे पकड़ लिया। सीसीटीवी फुटेज में युवक युवती के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट करता और उसे खींचकर वापस होटल के अंदर ले जाता दिखाई दे रहा है। यह दृश्य देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने युवती की मदद के लिए होटल में जाने की कोशिश की, लेकिन होटल कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया। इस बीच मौके पर भीड़ जुटने लगी। भीड़ बढ़ती देख आरोपी युवक होटल की छत से कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
युवती ने सलमान पर लगाए गंभीर आरोप
गाजियाबाद की रहने वाली युवती ने कंकरखेड़ा निवासी सलमान पर उसे होटल में बंधक बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि उसे सोमवार से होटल में रखा गया था। उसने टॉर्चर करने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही। सूचना मिलने पर अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल में बिना रजिस्टर एंट्री के कमरे देने का आरोप भी लगाया। हालांकि, ये आरोप युवती और संगठन की ओर से लगाए गए हैं।
दोनों ढाई साल से एक-दूसरे को जानते हैं
सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता के मुताबिक, पुलिस को 24 नवंबर को होटल में युवक और युवती के बीच झगड़े व मारपीट का वीडियो मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को सुरक्षित थाने ले आई। वहां युवती ने बताया कि वह और युवक पिछले ढाई साल से एक-दूसरे को जानते हैं। उसने अपहरण होने से इनकार किया। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रशासन ने संबंधित होटल को सील कर दिया है और फरार आरोपी के परिजनों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ जल्द सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Read More
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 10 IPS और 18 PPS अधिकारियों के तबादले…

