HomeBreaking Newsगुजरात में दिल दहला देने वाला हादसा, ट्रेलर से टकराई कार, एक...

गुजरात में दिल दहला देने वाला हादसा, ट्रेलर से टकराई कार, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, 3 महीने की मासूम भी नहीं बची

Gujarat Road Accident: गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ट्रेलर और कार की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं।

इनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवान के परिवार और रिश्तेदार थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह पिचक गई और शवों को बाहर निकालने में कई घंटे लग गए।

कच्छ का रण घूमकर लौट रहा था परिवार

कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार रात करीब 10 बजे हुई। परिवार के सदस्य ‘रन ऑफ कच्छ’ (कच्छ के रण) घूमने के बाद कार से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार की एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर शव बिखरे पड़े थे और क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को निकालने में बचाव दल को कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों में तीन मासूम बच्चियां भी शामिल

पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है,

  • सौरभ सिंह नेगी (30 वर्ष)

  • सविता (30 वर्ष)

  • सिविका (3 महीने)

  • राजेश सिंह रावत (35 वर्ष)

  • रक्षिता (7 वर्ष)

  • रिंकी गोसाईं (30 वर्ष)

  • वामिका (4 वर्ष)

इस हादसे ने सेना के जवान के परिवार और उनके रिश्तेदारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ सात लोगों की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

राजस्थान में भी एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

गुजरात के इस हादसे के बीच राजस्थान से भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा के पास खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, हादसा आधी रात के आसपास हुआ, जब करीब 16 लोगों को लेकर जा रहा वाहन ट्रक से टकरा गया। उन्होंने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं, मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

सड़क हादसों को लेकर बढ़ी चिंता

देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने चिंता बढ़ा दी है। यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में शामिल हैं।

सर्दियों की शुरुआत के साथ कई इलाकों में रात के समय हल्का कोहरा भी पड़ने लगा है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज रफ्तार से बचने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने से ऐसे हादसों का खतरा कम किया जा सकता है।

Read More:

दिल्ली में अगले 6 दिन सांसों पर संकट! बेहद खराब श्रेणी में पहुंचेगी हवा, बच्चों और बुजुर्गों के लिए जारी हुई खास सलाह

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments