Digital Arrest Case in Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कोतवाली थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस चौराहे के पास रहने वाले 78 वर्षीय हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को साइबर ठगों ने करीब 12 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। ठगों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर उन्हें आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये की फंडिंग करने के मामले में फंसाने और गिरफ्तार कराने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, ठगों ने कथित बैंक खाते और आधार कार्ड से जुड़े दस्तावेज दिखाकर उन्हें डराया और बैंक जाकर आरटीजीएस के जरिए पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। हालांकि, हकीम को समय रहते ठगी का शक हो गया और उन्होंने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर खुद को बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी का शिकार होने से बचा लिया।
19 नवंबर की शाम आया महिला का फोन
पीड़ित हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी के मुताबिक, 19 नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच उनके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। उसने खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि एटीएस के अधिकारी उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद कॉल दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर कर दी गई। उस व्यक्ति ने खुद को एटीएस अधिकारी बताया और दावा किया कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। जल्द ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंचने वाली है। हालांकि, उनकी उम्र और सामाजिक प्रतिष्ठा को देखते हुए पहले उनसे पूछताछ करने की बात कही गई।
आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये देने का लगाया आरोप
इसके बाद ठगों ने हकीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका संबंध दो आतंकियों से है और उन्होंने हुगली के एक बैंक खाते के जरिए आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये भेजे हैं। आरोपों को सही साबित करने के लिए उन्हें उनके नाम से जुड़े कथित आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी दिखाए गए। हकीम ने जब बताया कि वह कभी हुगली गए ही नहीं और वहां उनका कोई बैंक खाता भी नहीं है, तो ठगों ने दावा किया कि उनके पास सभी सबूत मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकियों से पूछताछ के दौरान उनका नाम सामने आया है।
NIA चीफ बनकर दी गिरफ्तारी की धमकी
ठगी को असली जांच जैसा दिखाने के लिए आरोपियों ने हकीम की बातचीत एनआईए चीफ से कराने का दावा किया। कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को एनआईए का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए उनसे बात की। उसने कहा कि अधिकारी उनके सहयोग से संतुष्ट हैं और फिलहाल उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। हालांकि, जांच में सहयोग नहीं करने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई करने की धमकी भी दी गई।
परिवार से बात करने पर भी लगाई रोक
हकीम के अनुसार, ठगों ने उन्हें किसी भी व्यक्ति से बातचीत नहीं करने की सख्त हिदायत दी। उनका मोबाइल लगातार चालू रखने और हर समय निगरानी में रहने की बात कही गई। आरोपियों ने एक कथित दस्तावेज भेजकर उसे पढ़ने और निर्देशों का पालन करने को कहा। उसमें चेतावनी दी गई थी कि यदि उन्होंने परिवार के किसी सदस्य, भाई या बेटे से भी मामले के बारे में बात की तो उसे भी आरोपी बना दिया जाएगा। इसके अलावा, ठगों ने उनसे कमरे को चारों तरफ से दिखाने और दरवाजा बंद रखने को कहा, ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
रात एक बजे तक वीडियो कॉल पर रखी निगरानी
पीड़ित के मुताबिक, ठग रात करीब एक बजे तक वीडियो कॉल के जरिए उन पर नजर रखते रहे। इसके बाद उन्होंने कहा कि एनआईए के अधिकारी जा चुके हैं और सुबह सात से नौ बजे के बीच दोबारा संपर्क किया जाएगा। इसी दौरान जब उनके बेटे ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो हकीम ने ठगों के निर्देश के अनुसार मोबाइल जेब में रख लिया और बेटे से सामान्य बातचीत की। हालांकि, उन्होंने उसे पूरी घटना की जानकारी नहीं दी।
RTGS कराने के दबाव से हुआ ठगी का शक
अगली सुबह ठगों ने दोबारा फोन किया और कहा कि उनके बैंक खाते से आतंकियों को भेजी गई रकम की जांच की जाएगी। इसके लिए नोटों के सीरियल नंबर का मिलान करने की बात कही गई। जब हकीम ने बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने की बात कही तो ठगों ने उन्हें आरटीजीएस फॉर्म भरकर रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक जाने का निर्देश दिया। इसी बात से उन्हें शक हुआ कि अगर मामला वास्तव में पुलिस या जांच एजेंसी से जुड़ा है तो अधिकारी उनसे इस तरह पैसे ट्रांसफर करने के लिए क्यों कह रहे हैं।
मोबाइल बंद कर परिजनों के साथ पहुंचे साइबर थाने
हकीम ने ठगों को गुमराह करते हुए बैंक जाने की बात कही और अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों को बुलाया और उनके साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। वहां अधिकारी नहीं मिलने पर वह साइबर क्राइम थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई।
साइबर टीम ने जुटाए कॉल रिकॉर्डिंग और सबूत
इसी दौरान ठगों का दोबारा फोन आया। साइबर क्राइम टीम के अधिकारियों ने भी उनकी बातचीत सुनी और इसके बाद उनका मोबाइल बंद करा दिया। पुलिस ने फोन में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग, ठगों के भेजे गए संदेश और कथित प्रमाणपत्रों समेत अन्य जानकारियां जुटाईं। हकीम के मुताबिक, साइबर टीम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि अब घबराने की जरूरत नहीं है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह करीब 12 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव बनाने के बावजूद साइबर ठग अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। हकीम खुर्शीद की सूझबूझ और समय रहते पुलिस तक पहुंचने के फैसले ने उन्हें ढाई करोड़ रुपये की संभावित ठगी से बचा लिया।
Read More:

