बिहार(Bihar) में सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री और उनके गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को राज्य के 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस अभियान में पटना, सारण, रोहतास, पूर्णिया, बक्सर, गया, भागलपुर, मुंगेर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, भोजपुर, नवादा और औरंगाबाद समेत कई जिलों को शामिल किया गया।
जांच के दौरान ज्यादातर जगहों पर अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग ने संबंधित दवा दुकानदारों से जवाब मांगा है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन साबित होने पर दुकानों के लाइसेंस रद्द करने के साथ दूसरी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पटना की तीन दुकानों में मिली गड़बड़ी
राजधानी पटना के जीएम रोड दवा मंडी में तीन मेडिकल दुकानों की जांच की गई। इस दौरान कुल 48 दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई और गुणवत्ता जांच के लिए तीन दवाओं के सैंपल लिए गए।
-
मेसर्स मां तारा एजेंसी: यहां 10 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई।
-
मेसर्स मेडिसिन हाउस: बिल उपलब्ध नहीं होने के कारण नारकोटिक श्रेणी की 16 दवाओं की बिक्री रोक दी गई। एक दवा का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
-
मेसर्स मां अपर्णा मेडिसिन: इस दुकान में 22 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई और दो दवाओं के सैंपल लिए गए।

