CM Yogi Emotional Letter: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के प्रति अपने भाव और उनके महत्व को शब्दों में बयां करते हुए एक भावुक पाती लिखी है। इसमें उन्होंने मां को केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि पूरे संसार का आधार बताया है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि मां के बिना जीवन और किसी भी प्राणी के अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने मां की ममता को दुनिया की सबसे सुंदर भावना बताते हुए कहा, ‘मां हर किसी की जगह ले सकती है। लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता।’
सीएम योगी की इस पाती में मां के प्रति सम्मान, प्रेम और उनके न रहने से पैदा होने वाले खालीपन का जिक्र है। उन्होंने अपने जीवन से जुड़ी एक पुरानी याद साझा करते हुए बताया कि संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बाद जब वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर पहुंचे थे, तब उन्होंने परंपरा के अनुसार अपनी मां से भिक्षा मांगी थी। इस घटना को याद करते हुए उन्होंने मां की ममता और बेटे के संकल्प के प्रति उनके सम्मान को भी बयां किया।
मां को बताया जगत जननी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती की शुरुआत मां के महत्व को समझाते हुए की। उन्होंने मां को केवल जननी नहीं, बल्कि जगत-जननी बताया। अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने भगवान श्रीराम के वनगमन के समय माता कौशल्या के आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण के मथुरा के कारावास से गोकुल पहुंचने के प्रसंग का उल्लेख किया।
उन्होंने यह भी लिखा कि मां के संस्कार ही किसी बालक को ध्रुव, प्रह्लाद या एक बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा देते हैं। उनके मुताबिक, मां की ममता और संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
मां के न होने से खत्म हो जाती है भावनात्मक सुरक्षा
सीएम योगी ने पाती में मां के निधन से पैदा होने वाले भावनात्मक खालीपन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मां का दुनिया से चले जाना सिर्फ किसी व्यक्ति का जीवन से दूर हो जाना नहीं है, बल्कि इससे बिना शर्त मिलने वाला प्यार, भावनात्मक सुरक्षा और घर की गहरी छांव भी छिन जाती है।
उन्होंने अपनी पूजनीय मां को अपनी पहली गुरु बताया, जिन्होंने उन्हें अक्षर ज्ञान दिया। मां के अनंत यात्रा पर निकलने के बाद उनके सामने संन्यास जीवन से जुड़ी एक पुरानी याद ताजा हो गई।

संन्यास के बाद मां से मांगी थी भिक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बाद वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे। गोरखपुर से अपने पैतृक गांव पंचूर तक की इस यात्रा के दौरान उनके मन में कई भावनाएं उमड़ रही थीं।
संन्यास परंपरा के विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर उनकी मां बाहर आईं। भगवा वस्त्रों में बेटे को देखकर वह कुछ पल के लिए हैरान रह गईं। इससे पहले कि मां कुछ कह पातीं, योगी आदित्यनाथ ने उनसे कहा- ‘मां, भिक्षा दीजिए।’
इस पर मां ने भावुक होकर पूछा, ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?’ इसके जवाब में उन्होंने कहा कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी के लिए भिक्षा ही उसका विधान है। वह घर में रहने नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां ने अपने संन्यासी बेटे के संकल्प को समझा और उसकी ममता ने उसके फैसले का सम्मान किया।
CM योगी ने प्रदेशवासियों से की खास अपील
अपनी पाती के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के प्रति सच्चा सम्मान जताने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रदेशवासी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह किसी निराश्रित मां का सहारा बनेगा, किसी वंचित मां की तकलीफ को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश करेगा।
सीएम योगी की इस भावुक पाती का संदेश साफ है कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा है। मां के प्रति प्रेम और सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जरूरतमंद और बेसहारा माताओं की मदद करके भी इसे साबित करना चाहिए।

Read More:
CNG-PNG Price Hike: UP के इन 5 शहरों में महंगी हुई CNG और PNG, जानें अब क्या हैं नए रेट?

