मुंबई में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के पास स्थित एक मस्जिद को लेकर विवाद गहरा गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने मस्जिद को अवैध निर्माण घोषित करते हुए इसे तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। इस संबंध में मस्जिद के गेट पर आधिकारिक नोटिस भी चिपका दिया गया है। फिलहाल परिसर में तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू नहीं हुई है। प्राधिकरण ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को मस्जिद हटाने की जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश का पालन नहीं करने पर कंपनी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
किरीट सोमैया ने उठाया था अवैध कब्जे का मुद्दा
बीजेपी नेता किरीट सोमैया लंबे समय से इस मस्जिद के निर्माण का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि करीब 5,000 वर्ग फुट सरकारी जमीन पर बिना अनुमति के मस्जिद बनाई गई है। उन्होंने इसे एयरपोर्ट के संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र में बताते हुए सुरक्षा के लिहाज से खतरा करार दिया है। सोमैया का दावा है कि साल 2014 से पहले इस जगह पर कोई निर्माण नहीं था। बाद में टिन शेड का ढांचा खड़ा करके जमीन पर कब्जा किया गया। उन्होंने मस्जिद हटाने के साथ निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी की है। उनका कहना है कि एक सप्ताह के भीतर मस्जिद को हटाया जा सकता है।
MMRDA ने MIAL को दिया हटाने का निर्देश
विवादित मस्जिद एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के पास अराइवल गेट और टैक्सी पार्किंग क्षेत्र के नजदीक स्थित है। MMRDA के नोटिस के मुताबिक, अशबुल जन्नत एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जमा कराए गए दस्तावेज निर्माण को वैध साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। प्राधिकरण ने MIAL को निर्माण हटाने का आदेश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्देशों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में एयरपोर्ट कंपनी के खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
मस्जिद पक्ष ने किया विरोध
दूसरी तरफ, मस्जिद प्रबंधन ने अवैध निर्माण के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि निर्माण के लिए अनुमति ली गई थी और तत्कालीन GVK तथा एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी जानकारी थी। इसके समर्थन में 2015 के एक पत्र का भी हवाला दिया गया है, जिसमें प्रार्थना स्थल का उल्लेख होने का दावा किया गया है।
Read More
जम्मू-कश्मीर के रामबन में भीषण आग से 4 मकान जलकर खाक, SSP ने घटनास्थल का किया दौरा

