दुनिया की कई बड़ी कंपनियों और भरोसेमंद वेबसाइटों पर बड़े साइबर अटैक का मामला सामने आया है। इस हमले की चपेट में Zoom, BBC, CNN, IKEA, HSBC, Salesforce और GitLab जैसी कंपनियों समेत करीब 178 संस्थानों की वेबसाइटें आई हैं। हैरानी की बात यह है कि हैकर्स ने इन कंपनियों के अपने सर्वर या सिस्टम को सीधे निशाना नहीं बनाया, बल्कि एक थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म Optimizely Web के जरिए वेबसाइटों में सेंध लगाई। हमलावरों ने खतरनाक JavaScript कोड इंजेक्ट किया, जो क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट का पता बदलने से लेकर बैंक कार्ड की जानकारी चुराने तक में सक्षम था।
178 वेबसाइटों तक पहुंचा मैलवेयर
16 नवंबर को सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर अपराधियों ने Optimizely Web प्लेटफॉर्म के जरिए इस हमले को अंजाम दिया। यह प्लेटफॉर्म कंपनियों को अपनी वेबसाइट पर अलग-अलग डिजाइन, फीचर्स और बदलावों की टेस्टिंग करने की सुविधा देता है। इसके लिए वेबसाइट में JavaScript का एक छोटा कोड स्निपेट जोड़ा जाता है। हैकर्स ने इसी सिस्टम का फायदा उठाया। उन्होंने प्रोजेक्ट के JavaScript कोड में अपना खतरनाक कोड डाल दिया। इस वजह से प्रभावित वेबसाइटों का मूल कोड बदले बिना ही यूजर्स तक मैलवेयर पहुंचने लगा। खास बात यह थी कि यह कोड Optimizely के आधिकारिक CDN डोमेन से लोड हो रहा था, जिससे इसे पहचानना मुश्किल हो सकता था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में करीब 178 संगठनों की वेबसाइटें प्रभावित हुईं। मैलवेयर में iPhone और iPad यूजर्स को निशाना बनाने के लिए Coruna और DarkSword जैसे iOS एक्सप्लॉइट किट भी शामिल थे।
क्रिप्टो वॉलेट का पता बदलकर चुराई जा रही थी रकम
इस साइबर हमले का सबसे खतरनाक हिस्सा क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट एड्रेस बदलने वाला फीचर था। मैलवेयर Bitcoin, Ethereum, Solana, TRON, Litecoin और Dogecoin समेत कई क्रिप्टो नेटवर्क के वॉलेट एड्रेस को पहचान सकता था। जब कोई यूजर किसी वेबसाइट पर मौजूद क्रिप्टो वॉलेट का पता कॉपी करता था, तो मैलवेयर उसकी जगह हैकर का वॉलेट एड्रेस डाल देता था। यूजर को लगता था कि वह सही पते पर रकम भेज रहा है, लेकिन ट्रांजैक्शन वास्तव में साइबर अपराधियों के खाते में पहुंच जाता था। रिपोर्ट में इस हमले के दौरान क्रिप्टोकरेंसी की चोरी की पुष्टि होने की बात भी कही गई है। इसके अलावा मैलवेयर ब्राउजर की कुकीज और स्क्रीनशॉट हासिल करने में भी सक्षम था।
निशाने पर थी डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी
हैकर्स ने मैलवेयर में ऑनलाइन पेमेंट फॉर्म की जानकारी चुराने वाला स्किमिंग फीचर भी शामिल किया था। यह वेबसाइट पर भरे जाने वाले पेमेंट फॉर्म और ऑनलाइन रिक्वेस्ट पर नजर रखता था। इसका मकसद यूजर्स के डेबिट और क्रेडिट कार्ड की संवेदनशील जानकारी हासिल करना था। इसमें कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट और CVV जैसी जानकारियां शामिल थीं। मैलवेयर इन जानकारियों को Navigator.sendBeacon तकनीक के जरिए हमलावरों के सर्वर तक भेज सकता था।
Read More
बांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यकर्ताओं का NCP के साथ हिंसक टकराव, 5 लोग हुए घायल

