Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल (DDA ग्राउंड) में आज यानी 29 नवंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम और ‘अतिरुद्र महायज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और बसों समेत अन्य वाहनों की भारी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत रोहिणी सेक्टर-23, 24 और जापानी पार्क सर्कल के आसपास सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक यातायात प्रतिबंधित और डायवर्ट रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित सड़कों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वहीं, परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को भी घर से पर्याप्त समय पहले निकलने की अपील की गई है।

रोहिणी की इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक का दबाव
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इनमें भगवान महावीर मार्ग, के.एन. काटजू मार्ग, कराला-कंझावला रोड और रोहिणी सेक्टर-23 व 24 की आंतरिक सड़कें शामिल हैं।
इसके अलावा बरवाला से दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) की ओर जाने वाला मार्ग, UER-2 रोड और मंगोलपुरी व निठारी की तरफ से आने वाली सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक इन रास्तों पर जाने से बचने और अपनी सुविधा के अनुसार वैकल्पिक मार्ग चुनने की सलाह दी है।

महादेव, मधुबन और सियाराम चौक पर बढ़ेगी परेशानी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण कुछ प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बन सकती है। पुलिस के अनुसार, महादेव चौक, मधुबन चौक और सियाराम चौक पर भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना है।
ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और अपनी यात्रा की योजना पहले से तैयार करने की सलाह दी गई है।
परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए खास अलर्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों और परीक्षार्थियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक डायवर्जन और संभावित जाम के कारण परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी हो सकती है।
ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सामान्य दिनों के मुकाबले काफी पहले घर से निकलें, ताकि रास्ते में लगने वाले जाम के बावजूद समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। अभिभावकों को भी बच्चों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।
मेट्रो से सफर करना रहेगा बेहतर विकल्प
ट्रैफिक पुलिस ने जाम और पार्किंग की परेशानी से बचने के लिए लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। खासतौर पर दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन से सफर कर रिठाला मेट्रो स्टेशन पर उतरना सुविधाजनक विकल्प बताया गया है।
रोहिणी के सेक्टर-8, 20, 21, 22, 23, 24 और 25 की ओर जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और सामान्य से अधिक समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का करें पालन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़कों पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इसके साथ ही डायवर्जन से जुड़े संकेतों और यातायात नियमों का भी ध्यान रखें।
यात्रियों को ट्रैफिक की ताजा स्थिति जानने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों और हेल्पलाइन से अपडेट लेते रहने की सलाह दी गई है, ताकि वे समय रहते अपने रास्ते में बदलाव कर सकें।
Read More:


