उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक शादी समारोह की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। घर में हल्दी और मेहंदी की रस्मों के दौरान नागिन धुन पर डांस चल रहा था, तभी वहां एक जहरीला सांप निकल आया। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान सांप को पकड़कर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे 26 वर्षीय युवक को उसने डस लिया। गंभीर हालत में लखनऊ ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हल्दी-मेहंदी की रस्मों के बीच निकल आया सांप
घटना अजगैन थाना क्षेत्र के कब्जा गांव की है। यहां देवराज द्विवेदी के घर बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। हल्दी और मेहंदी की रस्मों के साथ घर में महिलाओं का संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इसी दौरान नागिन डांस की धुन बजने लगी और लोग नाचने लगे। तभी घर में एक लंबा सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। शुरुआत में कुछ लोगों को लगा कि यह डांस का हिस्सा या कोई मजाक है, लेकिन जब सांप काफी देर तक वहां घूमता रहा तो लोगों को खतरे का एहसास हुआ। देखते ही देखते समारोह में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई।
सांप को बाहर ले जाने की कोशिश में अर्जुन को डसा
मौके पर मौजूद पड़ोसी युवक अर्जुन भी उस समय डांस कर रहा था। सांप को देखकर उसने उसे पकड़ने और घर से बाहर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान सांप ने अर्जुन को डस लिया। जहर का असर होने से उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। घटना के बाद वहां मौजूद लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक छा गया। जिस घर में कुछ देर पहले शादी की रस्मों और संगीत की खुशियां थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अजगैन थाने के अपराध निरीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि युवक की मौत लखनऊ में हुई है, इसलिए पोस्टमार्टम भी वहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने शादी समारोह में मौजूद लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Read More
पाकिस्तान की बढ़ी परेशानी! LoC पर S-400 की पांचवीं यूनिट तैनात करने की तैयारी में जुटा भारत


[…] […]