मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने बड़े अग्निकांड का रूप ले लिया। गीजा गवर्नरेट के अल-वार्राक इलाके में अशारा टनल के ऊपर ईंधन से लदा ट्रक पलटने के बाद विस्फोट हो गया। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ट्रक पलटते ही हुआ विस्फोट
जानकारी के मुताबिक, ईंधन से भरा ट्रक काहिरा रिंग रोड पर सेंट्रल डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। इसके तुरंत बाद उसमें जोरदार विस्फोट हुआ और आग फैल गई। यह हाइवे राजधानी के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ता है और यहां वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। घटना के वीडियो में आसमान में आग का विशाल गोला और काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है। सड़क पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए। आग की लपटें आसपास की इमारतों तक पहुंचीं, हालांकि वे इसकी चपेट में आने से बच गईं। हादसे के बाद सड़क पर कई वाहन जले हुए दिखाई दिए। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक के मलबे पर पानी डालकर आग बुझाने का अभियान चलाया।
39 एम्बुलेंस तैनात
मिस्र के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय ने शुरुआती आंकड़ों में 30 लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। घायलों को जायेद स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल, इमबाबा जनरल हॉस्पिटल और वार्राक सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बचाव और राहत कार्य के लिए 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं। आपातकालीन चिकित्सा दलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मंत्रालय ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया है और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हादसे में कुछ शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे मामलों में मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA परीक्षण कराए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएंगे।
मिस्र में सड़क हादसे बन रहे हैं बड़ी चुनौती
मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं लंबे समय से गंभीर चिंता का विषय रही हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल सड़क हादसों में करीब 6,000 लोगों की जान गई थी। इससे पहले के वर्ष में भी 5,200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इस साल अगस्त में उत्तरी मिस्र में दो पिकअप वाहनों की टक्कर में 18 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में कई युवा मजदूर शामिल थे। ताजा हादसे ने एक बार फिर देश में सड़क सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही से जुड़े जोखिमों को सामने ला दिया है।
Read More
दिल्ली की गीता कॉलोनी में भीषण आग से मचा हड़कंप, धुएं के गुबार से दहला इलाका…

