HomeBreaking Newsदेव दीपावली से पहले काशी पहुंचे अनंत अंबानी, बाबा विश्वनाथ का किया...

देव दीपावली से पहले काशी पहुंचे अनंत अंबानी, बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक

देव दीपावली के पावन पर्व से पहले उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे और रिलायंस समूह के निदेशक अनंत अंबानी(Anant Ambani) वाराणसी पहुंचे। अपनी इस धार्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन किए और विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने मंदिर को एक करोड़ रुपये की धनराशि भी दान की। इसके अलावा अनंत अंबानी ने मां अन्नपूर्णा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

अनंत अंबानी सोमवार शाम मुंबई से चार्टर विमान के जरिए वाराणसी के लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। उनका विमान शाम करीब 4:10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरा। यहां वाराणसी के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने वीवीआईपी लाउंज में उनका स्वागत किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला शाम करीब 5:30 बजे काशी विश्वनाथ धाम के वीवीआईपी गेट पर पहुंचा। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।

बाबा विश्वनाथ को अर्पित किया 1 करोड़ रुपये का दान

मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और पूरे विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर के स्वर्ण शिखर के सामने नमन किया और मंदिर प्रशासन को एक करोड़ रुपये का दान दिया। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी की विशेष पूजा

काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद अनंत अंबानी पैदल ही मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। यहां 21 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर के अर्चक पप्पू जी के आचार्यत्व में करीब 15 मिनट तक विशेष कुमकुम पूजा कराई गई। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने उन्हें माता का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किया।

रात में मुंबई के लिए हुए रवाना

धार्मिक कार्यक्रम संपन्न करने के बाद अनंत अंबानी बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और रात करीब 8:40 बजे चार्टर विमान से मुंबई रवाना हो गए। गौरतलब है कि इस साल पांच महीने के भीतर उनकी यह दूसरी वाराणसी यात्रा थी। इससे पहले 16 जून को भी वह काशी आए थे। उस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के साथ संकटमोचन हनुमान मंदिर तथा कालभैरव मंदिर में भी दर्शन किए थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments