HomeBreaking News16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं शेख हसीना, तनाव के बीच...

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं शेख हसीना, तनाव के बीच क्यों चुना यही दिन, क्या ढाका पहुंचते ही होगी गिरफ्तारी?

Bangladesh Sheikh Hasina Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बांग्लादेश की सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रहीं हसीना ने अब अपने वतन लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। वह इसी दिन ढाका पहुंचना चाहती हैं। खास बात यह है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है।

वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, प्रवक्ता का कहना है कि जिस तरह हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, उसी तरह अब उनकी स्वदेश वापसी के लिए भी सरकार विमान की व्यवस्था करे। हालांकि, बांग्लादेश सरकार की ओर से इस मांग पर अभी कोई सहमति नहीं जताई गई है।

16 दिसंबर को ही क्यों लौटना चाहती हैं शेख हसीना?

शेख हसीना की वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनना राजनीतिक और ऐतिहासिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। दरअसल, 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान की सेना ने आत्मसमर्पण किया था। इसके साथ ही बांग्लादेश का मुक्ति संग्राम निर्णायक रूप से समाप्त हुआ और देश को आजादी मिली। इसी ऐतिहासिक जीत की याद में हर साल 16 दिसंबर को पूरे बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है।

हसीना के प्रवक्ता का कहना है कि उन्हें संविधान के खिलाफ बनी परिस्थितियों के कारण देश छोड़ना पड़ा था। ऐसे में विजय दिवस के अवसर पर उनकी वापसी सुनिश्चित करना बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारी है। इस तारीख पर लौटने की मांग के जरिए हसीना अपनी वापसी को बांग्लादेश की आजादी और राष्ट्रीय इतिहास से जोड़ना चाहती हैं।

5 अगस्त 2024 को छोड़ना पड़ा था बांग्लादेश

शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ दिया था। उस समय देश में छात्रों के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन चल रहा था, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। बढ़ते विरोध और राजनीतिक संकट के बीच उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़कर भारत आना पड़ा था। तब से वह भारत में रह रही हैं।

अब दो साल से अधिक समय बाद उन्होंने पहली बार अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है। उनकी इस मांग को बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच बेहद अहम माना जा रहा है।

बांग्लादेश पहुंचते ही गिरफ्तार हो सकती हैं हसीना

शेख हसीना की स्वदेश वापसी की राह आसान नहीं है। बांग्लादेश में उनकी पार्टी अवामी लीग की गतिविधियों पर रोक लगी हुई है और उनके खिलाफ कई गंभीर कानूनी मामले चल रहे हैं। पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश के युद्ध अपराध न्यायाधिकरण ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा पर कार्रवाई का आदेश देने के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी।

भारत में रहकर शेख हसीना इन आरोपों को खारिज करती रही हैं। वहीं, बांग्लादेश सरकार का रुख उनकी वापसी को लेकर सख्त नजर आ रहा है। रॉयटर्स के मुताबिक, बांग्लादेश के एक मंत्री ने कहा है कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शेख हसीना को भारत से वापस लाने के लिए सरकारी विमान भेजने के संबंध में दोनों देशों के बीच कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल उनकी वापसी की मांग पर बांग्लादेश सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं।

छात्र आंदोलन में 1,400 लोगों की मौत का दावा

शेख हसीना की सत्ता से विदाई के पीछे हुए छात्र आंदोलन और उसके बाद की हिंसा में बड़े पैमाने पर जनहानि हुई थी। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, आंदोलन और उससे जुड़ी हिंसा के दौरान 1,400 तक लोगों की मौत हुई थी।

ऐसे में शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा ने वहां की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ हसीना विजय दिवस के मौके पर स्वदेश वापसी चाहती हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके खिलाफ चल रहे गंभीर कानूनी मामलों और गिरफ्तारी की चेतावनी के चलते उनकी वापसी पर अनिश्चितता बनी हुई है।

Read More:

दिल्ली में पुलिस स्टेशन के अंदर खूनी हमला! 5 पुलिसकर्मियों पर चाकू से वार कर फरार हुआ आरोपी, पकड़ने गई टीम पर भी किया हमला

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments