HomeBreaking Newsदादी के अंतिम संस्कार के लिए 21 नवंबर को अमृतसर आएंगे अमृतपाल...

दादी के अंतिम संस्कार के लिए 21 नवंबर को अमृतसर आएंगे अमृतपाल सिंह, परिवार ने जमा कराए 10 लाख रुपये

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद श्री खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब पहुंचेंगे। उन्हें पुलिस सुरक्षा में अमृतसर लाया जाएगा। इस यात्रा का खर्च उठाने के लिए परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपये जमा कराए हैं। अदालत ने अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय दिया है।

DSP की अगुवाई में पांच पुलिसकर्मी डिब्रूगढ़ पहुंचे

अमृतपाल सिंह को पंजाब लाने के लिए DSP के नेतृत्व में पांच पुलिसकर्मियों की टीम डिब्रूगढ़ पहुंच चुकी है। अमृतपाल सिंह के साथ ये पांचों पुलिसकर्मी भी अमृतसर आएंगे। सभी छह लोगों के आने-जाने के टिकट बुक करा दिए गए हैं, जिन पर कुल 7 लाख 84 हजार रुपये खर्च होंगे। पुलिस प्रशासन परिवार के साथ मिलकर सुरक्षा और यात्रा से जुड़ी तैयारियां कर रहा है। अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था। उनका अंतिम संस्कार श्मशान घाट के बजाय परिवार के खेतों में किया जाएगा।

संगत के लिए इंतजाम

तरसेम सिंह के मुताबिक, खेतों में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग, लंगर और आवाजाही की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस प्रशासन भी अलग-अलग स्थानों का जायजा ले रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखी जा सके। उन्होंने दूर-दराज के इलाकों से आने वाली संगत से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक पहुंचें और आयोजन के दौरान प्रशासन का सहयोग करें। परिवार को उम्मीद है कि अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

14 नवंबर को भी नहीं पहुंच पाए थे अमृतपाल

इससे पहले अदालत ने अमृतपाल सिंह को 14 नवंबर को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की अंतरिम जमानत दी थी। हालांकि, डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब पहुंचने में देरी के कारण वह तय समय पर अपने गांव जल्लूपुर खेड़ा नहीं पहुंच सके। इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार का कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया। 16 नवंबर को अमृतपाल सिंह की कानूनी टीम ने अदालत में याचिका दाखिल कर 21, 22 और 23 नवंबर के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी। अमृतपाल अप्रैल 2023 से राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ कार्रवाई के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। पहले जारी आदेश के मुताबिक, उनकी यात्रा कड़ी पुलिस सुरक्षा में होनी है और इसका खर्च परिवार को उठाना है।

Read More

SpaceX का रिकॉर्ड टूटा, Anthropic कंपनी करने वाली है IPO डेब्यू

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments