बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच राजधानी ढाका में दो बम धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार रात हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास दो देसी बम फेंके गए, जिनकी चपेट में आने से तीन राहगीर घायल हो गए। यह घटनाएं ऐसे समय हुई हैं, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने संभावित वापसी को लेकर देश में राजनीतिक विरोध और हिंसा की आशंका जताई जा रही है। धमाकों के बाद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
फ्लाईओवर से फेंके गए बम
पुलिस के मुताबिक, पहला विस्फोट हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास हुआ। दूसरा धमाका एयरपोर्ट के नजदीक जसीमउद्दीन इलाके में फ्लाईओवर के पास हुआ। ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, एयरपोर्ट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कामरुल इस्लाम तालुकदार ने बताया कि उपद्रवियों ने फ्लाईओवर से दो बम फेंके थे। धमाकों में तीन राहगीरों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी। हालांकि, जांच एजेंसियों को अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जिससे इन धमाकों को सीधे शेख हसीना की संभावित वापसी से जोड़ा जा सके।
अगस्त 2024 में सत्ता गंवाने के बाद भारत में रह रही हैं हसीना
बांग्लादेश में अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद उन्हें देश छोड़कर भारत आना पड़ा था। तब से वह भारत में रह रही हैं। अब अगले महीने उनकी संभावित वापसी की चर्चाओं ने बांग्लादेश की राजनीति में फिर हलचल पैदा कर दी है।पिछले कुछ दिनों में हसीना की वापसी के विरोध के बीच बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं। कई जगह ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी की खबरें सामने आई हैं। पुलिस ने इनमें से कुछ घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है।
ढाका और अवामी लीग के गढ़ माने जाने वाले जिलों में सुरक्षा बढ़ी
बंगाली अखबार ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित तोड़फोड़ और हिंसा रोकने के लिए विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत राजधानी ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले अन्य जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। दिसंबर भर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ी रहेगी। साथ ही देशभर में खुफिया निगरानी भी तेज कर दी गई है।
Read More
फिलीपींस में PM मोदी को एक खास किताब की गई गिफ्ट, जानिए किसकी जिंदगी पर लिखी गई है यह बुक!

