NDA Women Cadets: राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के इतिहास में पहली बार दो महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में टॉप करके नया रिकॉर्ड बनाया है। राजस्थान की गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया, जबकि दिव्या गोदारा आर्ट्स स्ट्रीम की टॉपर बनीं। दोनों कैडेट्स को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। पुणे स्थित अकादमी में पहली बार दो महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी शैक्षणिक स्ट्रीम में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि NDA में महिलाओं के प्रवेश का रास्ता खुलने के करीब चार साल बाद महिला कैडेट्स ने यह मुकाम हासिल किया है। दोनों की सफलता को अकादमी में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनकी क्षमता के बड़े उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।
गार्गी पालीवाल और दिव्या गोदारा बनीं टॉपर
NDA की ओर से शनिवार को जारी जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की रहने वाली कैडेट गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, कैडेट दिव्या गोदारा ने आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप किया है। उन्हें चीफ ऑफ द एयर स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। दोनों महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में शीर्ष स्थान हासिल कर NDA के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम किया है।
कौन हैं गार्गी पालीवाल?
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की रहने वाली गार्गी पालीवाल का परिवार भी रक्षा सेवाओं से जुड़ा हुआ है। उनके बड़े भाई भारतीय सेना में अधिकारी के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी बहन आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) से MBBS की पढ़ाई कर रही हैं।
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए गार्गी ने बताया कि NDA में शुरुआती दिनों में उन्हें कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। हालांकि, धीरे-धीरे उन्होंने खुद को अकादमी के माहौल के अनुसार ढाल लिया। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक प्रशिक्षण में भी बेहतर प्रदर्शन किया।
गार्गी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, सीनियर्स और इंस्ट्रक्टर्स को दिया। उन्होंने अपनी ट्रॉफी माता-पिता को समर्पित करते हुए कहा कि सीनियर्स और प्रशिक्षकों ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद की।
पुरुष कैडेट्स ने भी हासिल किए शीर्ष स्थान
इस बार NDA के पुरुष कैडेट्स ने भी अलग-अलग स्ट्रीम में शानदार प्रदर्शन किया है। कैडेट आयुष कुमार ने साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया। उन्हें चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, कैडेट प्रशांत कुमार ने बीटेक स्ट्रीम में I-VI टर्म के ऑर्डर ऑफ मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। उन्हें CISC, मुख्यालय IDS ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा।
151वें कोर्स से 365 कैडेट्स हुए पास आउट
NDA के 151वें कोर्स की पासिंग आउट और दीक्षांत समारोह में कुल 365 कैडेट्स ने अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। इनमें मित्र देशों के 12 कैडेट्स भी शामिल हैं। समारोह में डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (DIAT) के कुलपति डॉ. बीएचवीएस नारायण मूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
गौरतलब है कि NDA ने साल 2022 में पहली बार महिला कैडेट्स के लिए अपने दरवाजे खोले थे। इसके बाद से महिला कैडेट्स लगातार अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन कर रही हैं। अब गार्गी पालीवाल और दिव्या गोदारा ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में टॉप करके अकादमी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
Read More:

