HomeBreaking Newsमुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर छतों से पथराव, बुलडोजर का...

मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर छतों से पथराव, बुलडोजर का शीशा टूटा

बिहार के मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम को शुक्रवार को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। साहेबगंज बाजार के केशव चौक पर अचानक छतों से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। पथराव में बुलडोजर का शीशा टूट गया, जबकि उसका चालक बाल-बाल बचा। हमले के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और टीम को वहां से पीछे हटना पड़ा। बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

गुरुवार तक दिया था कब्जा हटाने का समय

प्रशासन ने साहेबगंज बाजार में अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान शुरू किया था। दुकानदारों को गुरुवार तक खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासनिक टीम नवल किशोर चौक से बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए निकली। टीम जब केशव चौक पहुंची तो कुछ लोगों ने अचानक छतों से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान बुलडोजर का शीशा टूट गया। हमले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के लिए मौके से हटना पड़ा।

पुलिस बल पहुंचने के बाद दोबारा चला बुलडोजर

पथराव की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने का अभियान फिर शुरू किया गया। प्रशासन ने ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, इंद्रदेव चौक और ब्लॉक गेट तक कार्रवाई की। इस दौरान कई दुकानों के टीन शेड, होटल के अवैध निर्माण और फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाया गया। केशव चौक और बाया नदी पुल के पास फल बेचने वालों की गुमटियां भी हटाई गईं

FIR के लिए दिया आवेदन

पथराव की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक की तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें कथित तौर पर उसे ईंट फेंकते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, तस्वीर की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज ने साहेबगंज थाने में FIR दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई और पथराव करने वालों की पहचान जांच का विषय है।

Read More

जम्मू में आज राजनाथ सिंह का शक्ति प्रदर्शन, ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा की करेंगे अगुवाई

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments