फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले विवेक ओबेरॉय ने एक बार फिर सामाजिक पहल से लोगों का ध्यान खींचा है। अभिनेता ने कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए पौराणिक फिल्म ‘रामायणम्’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की। इसका मकसद इलाज के कठिन दौर से गुजर रहे मरीजों को कुछ खुशनुमा पल देना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था।
परिवार के साथ स्क्रीनिंग में पहुंचे विवेक
इस खास आयोजन में विवेक ओबेरॉय के साथ उनका पूरा परिवार भी मौजूद रहा। स्क्रीनिंग में शामिल होने आए बच्चों का उत्साह देखते ही बना। कई बच्चे भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में सजकर फिल्म देखने पहुंचे। इस पहल के जरिए विवेक ने कैंसर मरीजों को मनोरंजन और सकारात्मकता से भरा एक यादगार अनुभव देने की कोशिश की। इलाज के दौरान मानसिक रूप से मजबूत बने रहना भी चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में यह आयोजन मरीजों और उनके परिवारों के लिए खास रहा।
फिल्म की फीस भी कैंसर मरीजों को देने का फैसला
विवेक ओबेरॉय पहले भी कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं। बताया गया है कि उन्होंने ‘रामायणम्’ में काम करने के लिए मिली पूरी फीस खुद रखने के बजाय कैंसर मरीजों की सहायता के लिए देने का फैसला किया था। अभिनेता की इस पहल को उनकी सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। खास स्क्रीनिंग आयोजित कर उन्होंने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की कि मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़ा होना जरूरी है।
‘विद्युतजिह्व’ के किरदार को मिली तारीफ
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ में विवेक ओबेरॉय ने रावण की पत्नी शूर्पणखा के पति विद्युतजिह्व का किरदार निभाया है। फिल्म में उनके किरदार की मौत रावण के हाथों दिखाई गई है। उनके अभिनय को दर्शकों से सराहना मिली है। फिल्म को करीब 4,000 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया गया है। पहले पार्ट ने रिलीज के तीन सप्ताह में दुनिया भर में 1,790 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं, भारत में इसका कलेक्शन 1,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है। फिल्म की कमाई और विवेक की इस पहल, दोनों ने इसे चर्चा में बनाए रखा है।
Read More
चीन की मदद से बढ़ रही पाकिस्तान की स्पेस ताकत, CDS की चेतावनी- भारत को बदलनी होगी सैन्य रणनीति

