उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। रिखणीखाल थाना क्षेत्र में कलवाड़ी बैण्ड के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में छह महिलाओं और वाहन चालक समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
आवेदन भरकर घर लौट रहे थे यात्री
जानकारी के मुताबिक सभी सवार लोग बैणी-भुली योजना के आवेदन भरकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिखणीखाल से आगे सिद्धखाल-भगलवाण गांव की ओर जाते समय कलवाड़ी बैण्ड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने शुरू किया अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा रहा है, जहां उनका इलाज किया जाएगा। पुलिस और रेस्क्यू टीम की प्राथमिकता सभी घायलों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।
हादसे की वजह का पता लगा रही पुलिस
फिलहाल दुर्घटना की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किस कारण अनियंत्रित हुआ। हादसे में घायल लोगों की सही संख्या और उनकी हालत को लेकर भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
Read More
विपक्ष को बड़ा झटका, DMK ने परिसीमन विधेयक पर समर्थन का किया ऐलान

