गुजरात में सरकारी तेल कंपनी ONGC के कुएं से कच्चा तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने खेड़ा जिले के सारसा स्थित ONGC की पाइपलाइन से तेल निकालकर अहमदाबाद में बेचने की तैयारी कर रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 8 हजार लीटर क्रूड ऑयल बरामद किया। इसके साथ एक टैंकर, आइशर ट्रक और तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
चोरी के तेल को ट्रांसफर करने का खेल
गुजरात ATS को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ONGC की पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी कर अहमदाबाद के वटवा-विंजोल रिंग रोड पर जमा कर रहे हैं। यह तेल पंचरत्न फ्लोरा फ्लैट के पीछे स्थित हैप्पी भाई भरवाड़ के पार्किंग प्लॉट में रखा जा रहा था। सूचना के आधार पर ATS के डीवाईएसपी एसएल चौधरी ने पांच PSI और कांस्टेबलों की टीम बनाई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारा तो वहां ONGC लिखे टैंकर से पाइप के जरिए आइशर ट्रक में बने टैंक में तेल भरा जा रहा था। टीम ने मौके से छह लोगों को पकड़ लिया।
तेल कुएं नंबर 26 को बनाया था निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने खेड़ा जिले के सारसा में ONGC के तेल कुएं नंबर 26 से कच्चा तेल निकाला था। इसके लिए केसिंग वाल्व और फाइटर पंप का इस्तेमाल किया गया था। चोरी किए गए तेल को टैंकर में भरकर अहमदाबाद लाया गया था, जहां उसे दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया जा रहा था। ATS के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दानिलिमडा निवासी गफ्फारभाई रंगरेज, मोहसिन रंगरेज और उस्मानभाई शामिल हैं। इसके अलावा ONGC में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाला नसरुद्दीन मलिक उर्फ विक्की भी इस मामले में आरोपी है।
टैंकर और ट्रक से मिला 8 हजार लीटर क्रूड ऑयल
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ONGC लिखे टैंकर से 4,500 लीटर और आइशर ट्रक में रखे टैंक से 3,500 लीटर कच्चा तेल बरामद किया। इस तरह कुल 8,000 लीटर क्रूड ऑयल जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि पार्किंग प्लॉट को चोरी के तेल का अस्थायी ठिकाना बनाया गया था। यहां से तेल को दूसरे वाहन में भरकर आगे ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने तेल के अलावा दोनों वाहनों और वारदात में इस्तेमाल किए गए उपकरणों को भी कब्जे में लिया है।
Read More
पंढरपुर में डिप्टी CM शिंदे के हेलीकॉप्टर में आई खराबी, अचानक बदला प्लान, सड़क के रास्ते मुंबई रवाना

