महाराष्ट्र के दूध उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। राज्य की प्रमुख डेयरी कंपनियों में शामिल गोकुल डेयरी ने दूध(cow milk) की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने भैंस के दूध का दाम 6 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध का दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि भैंस के दूध की कीमत में की गई यह बढ़ोतरी अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी बताई जा रही है।
गोकुल डेयरी का संचालन कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ करता है। मुंबई, पुणे, कोल्हापुर और गोवा जैसे बाजारों में इस ब्रांड के दूध की अच्छी मांग है। नवी मुंबई में भी कंपनी की पैकिंग यूनिट मौजूद है।
पशुपालकों को मिलेगा फायदा
डेयरी ने केवल ग्राहकों के लिए दूध की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं, बल्कि किसानों और पशुपालकों से दूध खरीदने की दरों में भी इजाफा किया है। भैंस के दूध की खरीद कीमत 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाई गई है। वहीं गाय के दूध के लिए किसानों को अब 2 रुपये प्रति लीटर अधिक मिलेंगे। इस फैसले से दूध बेचने वाले पशुपालकों की आमदनी में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
शनिवार से लागू होंगी नई दरें
गोकुल डेयरी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में कीमतें बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बताया जा रहा है कि मुंबई दौरे से लौटने के बाद हुई इस बैठक में वितरकों और प्रशासन की ओर से रखी गई मांगों पर विचार किया गया।
डेयरी के सामने करीब 70 करोड़ रुपये का घाटा पूरा करने की चुनौती भी है। इसी आर्थिक स्थिति को देखते हुए दूध की बिक्री कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। नई दरें शनिवार से लागू होंगी।
जनवरी में फिर बदल सकते हैं दूध के दाम
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वहीं, डेयरी ने जनवरी में कीमतों की दोबारा समीक्षा किए जाने के संकेत भी दिए हैं। ऐसे में आने वाले समय में दूध के दामों में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।