नोएडा के बादलपुर इलाके में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आई एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के मामा का दोस्त उसे बहला-फुसलाकर खेत में ले गया और उसके साथ रेप किया। परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के करीब दो घंटे बाद आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी बच्ची को ले गया था खेत
मामला सेंट्रल नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पीड़िता के मामा का दोस्त है।जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग परेशान हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
शिकायत के बाद आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाईं। उसकी तलाश में आसपास के इलाकों में कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास किए गए।
दो घंटे के भीतर मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, घटना के करीब दो घंटे के भीतर रोहित से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Read More

