दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण(Delhi Air-protection) पर नियंत्रण पाने के लिए सरकार अब निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में है। प्रदूषण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से ‘वायु रक्षक’ टीमों को बॉडी कैमरों से लैस किया जाएगा। इस पहल के तहत कुल 100 बॉडी कैमरे खरीदे जाएंगे, जिन्हें अलग-अलग प्रवर्तन टीमों के सदस्यों को सौंपा जाएगा।
योजना के मुताबिक, 100 प्रवर्तन टीमों के एक-एक सदस्य को बॉडी कैमरा दिया जाएगा। फील्ड में निरीक्षण या कार्रवाई के दौरान इन कैमरों को चालू रखना जरूरी होगा। इससे मौके पर टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई की रिकॉर्डिंग हो सकेगी और पूरे अभियान पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी।
कंट्रोल सेंटर से होगी लाइव निगरानी
इस व्यवस्था की सबसे अहम बात यह है कि बॉडी कैमरों से मिलने वाली लाइव फुटेज को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में बैठे अधिकारी भी देख सकेंगे। यानी अधिकारियों को केवल कार्रवाई पूरी होने के बाद रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे मौके पर चल रही गतिविधियों पर वास्तविक समय में नजर रख पाएंगे।
इन कैमरों का इस्तेमाल प्रदूषण से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करने, अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण करने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियानों में किया जाएगा।
लापरवाही पर लगेगी रोक
सरकार का मानना है कि बॉडी कैमरों के इस्तेमाल से निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी। साथ ही, कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही की आशंका कम होगी। कैमरों में रिकॉर्ड होने वाली गतिविधियों से टीमों के कामकाज की निगरानी करना और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को जवाबदेह बनाना भी आसान होगा।
300 से ज्यादा टीमें कर रहीं निगरानी
गौरतलब है कि दिल्ली में फिलहाल 300 से अधिक संयुक्त प्रवर्तन टीमें तैनात हैं। इन्हें ‘वायु रक्षक’ के नाम से जाना जाता है। इन टीमों में दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC), नगर निगम (MCD) और सिविल डिफेंस के कर्मचारी शामिल हैं। ये टीमें दिन-रात राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों की निगरानी करती हैं और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करती हैं।
बॉडी कैमरों की नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन टीमों की कार्यप्रणाली पर नजर रखना और भी आसान हो सकता है। इससे प्रदूषण नियंत्रण अभियान को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
[…] दिल्ली में प्रदूषण पर ‘डिजिटल पहरा’! ब… […]