भारत के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी IG Defence ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में 200 एकड़ जमीन पर मिसाइल विकास और निर्माण परिसर स्थापित करेगी। इस यूनिट में स्वदेशी माइक्रो-मिसाइल सिस्टम, रॉकेट प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी और सटीक निशाना लगाने वाली तकनीकों पर काम किया जाएगा। इस परियोजना के लिए कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ समझौता किया है। इससे राज्य में एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नेल्लोर में 200 एकड़ में बनेगा मिसाइल निर्माण परिसर
प्रस्तावित परिसर में नई पीढ़ी के मिसाइल सिस्टम के विकास और उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां माइक्रो-मिसाइल तकनीक, रॉकेट प्रोपल्शन सिस्टम, सटीक प्रहार क्षमता और आधुनिक रक्षा उपकरणों के निर्माण से जुड़े काम होंगे। समझौते पर आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। परियोजना को आगे बढ़ाने में आंध्र प्रदेश आर्थिक विकास बोर्ड (APEDB) अहम भूमिका निभाएगा। बोर्ड निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ परियोजना के विकास, सरकारी मंजूरियों और जरूरी वैधानिक अनुमतियों के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय करेगा।
भेद सकती है 5 किलोमीटर तक लक्ष्य
IG Defence ने स्वदेशी रूप से ‘ज्वाला’ सरफेस-टू-एयर माइक्रो-मिसाइल सिस्टम विकसित किया है। कंपनी के मुताबिक, यह मिसाइल 5 किलोमीटर दूर तक स्थित लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है। प्रस्तावित परिसर में इसी तरह की स्वदेशी मिसाइल तकनीकों को विकसित करने और उनके निर्माण को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा। इसके साथ ही रॉकेट प्रोपल्शन और सटीक निशाना लगाने वाली क्षमताओं को भी बेहतर बनाने की योजना है।
सॉलिड रॉकेट मोटर्स का सफल परीक्षण
कंपनी ने परियोजना के तहत शुरुआती उपलब्धि भी हासिल की है। IG Defence के मुताबिक, ‘ज्वाला’ मिसाइल के लिए विकसित सॉलिड रॉकेट मोटर्स का सफल परीक्षण किया जा चुका है। मिसाइल के प्रदर्शन में प्रोपल्शन सिस्टम की अहम भूमिका होती है। स्वदेशी रॉकेट मोटर तकनीक विकसित होने से भारत को इस क्षेत्र में आयातित तकनीकों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
Read More
लाल किला ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट! NIA कोर्ट में ट्रांसफर हुआ मामला, ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ से जुड़े तार

