EPFO WhatsApp Service: कर्मचारी भविष्य निधि (PF) खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले समय में पीएफ खाते से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो सकता है। कर्मचारियों को अब अपने खाते का बैलेंस चेक करने, पासबुक देखने और जमा रकम की जानकारी लेने के लिए बार-बार अलग-अलग पोर्टल पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp आधारित इंटरैक्टिव सेवा शुरू की है, जिसके माध्यम से कर्मचारी अपने मोबाइल पर ही खाते से जुड़ी कई अहम जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही सरकार WhatsApp के जरिए पीएफ की रकम निकालने की सुविधा देने की योजना पर भी काम कर रही है।
WhatsApp पर ऐसे चेक कर सकेंगे PF का बैलेंस
EPFO की WhatsApp सेवा का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए कर्मचारियों को EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर Hi लिखकर संदेश भेजना होगा। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुननी होगी। फिर मेन्यू में उपलब्ध Check Balance विकल्प पर जाना होगा।
इसके बाद कर्मचारी के आधार से जुड़े रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड (OTP) भेजा जाएगा। OTP दर्ज करके सत्यापन पूरा करना होगा। अगर किसी कर्मचारी के एक ही यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से कई पीएफ खाते जुड़े हैं तो उसे अपनी संबंधित मेंबर आईडी चुननी होगी। इसके बाद खाते से जुड़ी जानकारी WhatsApp पर उपलब्ध हो जाएगी।
खाते में जमा रकम से लेकर पासबुक तक की जानकारी
इस सुविधा के जरिए कर्मचारी अपने पीएफ खाते में जमा कुल रकम देख सकेंगे। इसमें कर्मचारी और नियोक्ता यानी कंपनी की ओर से जमा किए गए योगदान की अलग-अलग जानकारी भी मिलेगी। इसके अलावा पेंशन खाते में जमा योगदान और पिछले पांच लेन-देन का विवरण भी देखा जा सकेगा।
कर्मचारियों को पीएफ पासबुक डाउनलोड करने का विकल्प भी मिलेगा। खास बात यह है कि पूरी प्रक्रिया के दौरान अपनी पसंद की भाषा चुनने की सुविधा होगी, जिससे अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले कर्मचारियों को भी इसका लाभ उठाने में आसानी होगी।
PMVBRY से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी
EPFO की WhatsApp सेवा के माध्यम से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन और बैंक खाते को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा।
इसके लिए कर्मचारियों को UMANG ऐप और Aadhaar Face RD ऐप का इस्तेमाल करने का तरीका भी समझाया जा रहा है। इससे कर्मचारियों को जरूरी डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी एक ही माध्यम से मिल सकेगी।
WhatsApp से PF निकालने की सुविधा पर काम कर रही सरकार
सरकार का उद्देश्य पीएफ से जुड़ी सेवाओं को सरल और सुविधाजनक बनाना है। इसी दिशा में WhatsApp के जरिए खाते की जानकारी उपलब्ध कराने की पहल की गई है। अब सरकार इससे एक कदम आगे बढ़कर WhatsApp के माध्यम से ही पीएफ का पैसा निकालने की सुविधा शुरू करने की योजना बना रही है।
अगर यह सुविधा शुरू होती है तो कर्मचारियों को पीएफ की रकम निकालने के लिए अलग-अलग पोर्टल पर जाने और लंबी प्रक्रिया से गुजरने की परेशानी से राहत मिल सकती है। हालांकि, WhatsApp के जरिए सीधे पीएफ निकासी की सुविधा शुरू होने की तारीख और इसकी पूरी प्रक्रिया को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।
Read More:
आंध्र प्रदेश में बनेंगी स्वदेशी मिसाइलें, 200 एकड़ में IG Defence लगाएगी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट

