Microsoft की कई लोकप्रिय सर्विस में करीब 36 घंटे तक चली तकनीकी बाधा के बाद अब कामकाज सामान्य हो गया है। कंपनी ने शनिवार, 14 नवंबर को जानकारी दी कि आउटेज की समस्या ठीक कर ली गई है और उसकी सेवाएं दोबारा काम करने लगी हैं। इससे Outlook, Teams, Copilot समेत ऑफिस से जुड़े टूल्स इस्तेमाल करने वाले लाखों यूजर्स को राहत मिली है। इस दौरान कई देशों में कंपनियों, सरकारी संस्थानों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
70 देशों में प्रभावित हुईं Microsoft की सेवाएं
रिपोर्ट के मुताबिक, Microsoft के इस बड़े आउटेज का असर करीब 70 देशों में देखने को मिला। यूजर्स को शुरुआत में Outlook का मेलबॉक्स खोलने और ईमेल इस्तेमाल करने में दिक्कत आई। धीरे-धीरे समस्या का दायरा बढ़ा और Teams, Copilot, SharePoint, Planner, To Do समेत कई अन्य ऑफिस एप्लीकेशन भी प्रभावित होने लगे। इस वजह से कंपनियों और सरकारी संस्थानों के कामकाज पर असर पड़ा। कई यूजर्स जरूरी ईमेल नहीं देख पा रहे थे और ऑनलाइन मीटिंग से लेकर दूसरे डिजिटल काम भी बाधित हो रहे थे।
12 नवंबर से शुरू हुई थी परेशानी
Microsoft की सेवाओं में यह समस्या 12 नवंबर से शुरू हुई थी। करीब 36 घंटे तक चली परेशानी के बाद कंपनी ने 14 नवंबर को सर्विस रिकवर होने की जानकारी दी। कंपनी ने आउटेज से प्रभावित यूजर्स और संस्थानों से माफी भी मांगी है। Microsoft ने कहा है कि वह इस पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगी। इसमें बताया जाएगा कि तकनीकी गड़बड़ी किस वजह से हुई और इसे ठीक करने के लिए क्या कदम उठाए गए।
अपग्रेड के दौरान आई थी तकनीकी गड़बड़ी
कंपनी के मुताबिक, इस आउटेज के पीछे नेटवर्क क्षमता को अपग्रेड करने के दौरान आई तकनीकी समस्या थी। Microsoft ने स्पष्ट किया कि इस घटना में साइबर अटैक या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट की कोई भूमिका नहीं थी। सर्विस बहाल होने के बाद अब यूजर्स Outlook, Teams और Copilot समेत प्रभावित प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकेंगे।
Read More
अस्पताल से घर लौटे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मॉर्निंग वॉक के दौरान हो गए थे बेहोश

