उत्तर प्रदेश में पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के लिए योगी सरकार ने तीन बड़े फैसलों का ऐलान किया है। मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरता पदक विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त सहायता राशि और वार्षिकी दोगुनी करने की घोषणा की। इसके अलावा घर खरीदने पर स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा बढ़ाई जाएगी और शहीद सैनिकों के आश्रितों को उनके गृह जनपद या आसपास के जिले में नौकरी देने की व्यवस्था होगी।
परमवीर चक्र से लेकर युद्ध सेवा मेडल तक दोगुनी होगी सहायता
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि परमवीर चक्र विजेताओं को फिलहाल 52 लाख रुपये एकमुश्त और 3 लाख 12 हजार रुपये वार्षिकी दी जाती है। अब दोनों राशियों को दोगुना किया जाएगा। इसी तरह महावीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली 31 लाख रुपये की एकमुश्त राशि और 2 लाख 37 हजार रुपये की वार्षिकी भी दोगुनी होगी। वीर चक्र के लिए 20 लाख 80 हजार रुपये एकमुश्त और 1 लाख 37 हजार रुपये वार्षिकी दी जाती है। अशोक चक्र के लिए 32 लाख 50 हजार रुपये और 1 लाख 50 हजार रुपये वार्षिकी, जबकि कीर्ति चक्र के लिए 19 लाख 50 हजार रुपये और 1 लाख 30 हजार रुपये वार्षिकी मिलती है। इन सभी राशियों को दोगुना किया जाएगा। इसके अलावा शौर्य चक्र, सेना मेडल, वायुसेना मेडल, पेंशन इन डिस्पैच, सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल के लिए मिलने वाली एकमुश्त सहायता और वार्षिकी भी दोगुनी होगी।
मकान खरीदने पर स्टाम्प शुल्क में मिलेगी ज्यादा छूट
योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को मकान खरीदने में राहत देने की घोषणा की। इसके तहत स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जाएगी। शहीद सैनिकों के परिवारों को नौकरी देने के मामले में भी सरकार ने अहम फैसला किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, शहीदों के आश्रितों में पात्र सदस्यों को उनके गृह जनपद या नजदीकी जिले में ही नौकरी दी जाएगी। इससे परिवारों को अपने घर और परिजनों से दूर नहीं जाना पड़ेगा।
‘सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता’
पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी भी देश और समाज की प्रगति के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है। सुरक्षा नहीं होगी तो विकास की गति भी प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जवान सियाचिन की बर्फीली चोटियों से लेकर रेगिस्तान की तपती रेत और समुद्र की गहराई तक हर मोर्चे पर देश की रक्षा करता है। आपदा के समय भी सैनिक सबसे आगे खड़ा मिलता है।
Read More
अस्पताल से घर लौटे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मॉर्निंग वॉक के दौरान हो गए थे बेहोश


[…] योगी सरकार का पूर्व सैनिकों के लिए बड़… […]