HomeBreaking Newsअंडमान-निकोबार में पहली बार गूंजा छठ का जयकारा! LG बोले- प्रकृति के...

अंडमान-निकोबार में पहली बार गूंजा छठ का जयकारा! LG बोले- प्रकृति के प्रति आभार का पर्व

अंडमान और निकोबार द्वीप(Andaman and Nicobar) समूह में इस बार छठ महापर्व खास रहा। यहां पहली बार सार्वजनिक स्तर पर छठ पूजा का आयोजन किया गया और इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन किया। इस आयोजन के साथ द्वीप समूह में रहने वाले छठ व्रतियों को अपनी परंपरा और आस्था से जुड़ने का विशेष अवसर मिला।

अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा ने छठ पूजा के महत्व को देखते हुए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। उन्होंने कहा कि यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। रविवार शाम आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस मौके पर उपराज्यपाल दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सांसद विष्णु पद रे और मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती भी मौजूद रहे।

प्रकृति के प्रति आभार जताने का पर्व है छठ

उपराज्यपाल ने छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार सूर्य और प्रकृति के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करने का अवसर है। उनके मुताबिक, छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक एकता की भावना को भी दर्शाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि अंडमान-निकोबार की खूबसूरती यहां रहने वाले अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोगों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे में है। छठ जैसे त्योहार समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत बनाने का काम करते हैं।

सुरक्षा के लिए ड्रोन से रखी गई नजर

छठ पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस उप महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) राजेश देव ने बताया कि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ड्रोन के जरिए भी निगरानी की।

समुद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। इस तरह अंडमान-निकोबार में पहली बार आयोजित छठ महापर्व ने धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एकता और सामाजिक भाईचारे का संदेश भी दिया।

यह भी पढ़ें : लाल किला ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट! NIA कोर्ट में ट्रांसफर हुआ मामला…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments