Russia Nuclear Weapons: जर्मनी की खुफिया एजेंसियों के आकलन ने रूस की अंतरिक्ष संबंधी तैयारियों को लेकर NATO की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रूस दिसंबर 2026 तक परमाणु हथियार से लैस सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेज सकता है। अगर ऐसा हुआ तो अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट नेटवर्क के साथ इंटरनेट, संचार, नेविगेशन और मौसम संबंधी सेवाओं पर गंभीर असर पड़ सकता है।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का खतरा अब अंतरिक्ष तक पहुंचता नजर आ रहा है। जर्मनी की विदेशी खुफिया एजेंसी BND और सेना के आकलन के मुताबिक, रूस स्पुतनिक-S (Sputnik-S) नाम का एक सैटेलाइट लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें परमाणु हथियार होने की आशंका जताई गई है। जर्मन खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, इस सैटेलाइट को मॉस्को में रखा गया है और नवंबर की शुरुआत में मिले आकलन के मुताबिक, इसे 60 दिनों के भीतर अंतरिक्ष में भेजा जा सकता है। लॉन्च के कुछ समय बाद इसके सक्रिय होने की भी आशंका है। हालांकि, रूस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रूस ने क्या तैयारी की है?
जर्मनी की रिपोर्ट के मुताबिक, NATO के कई सदस्य देशों की खुफिया एजेंसियों ने नवंबर की शुरुआत में इस संभावित सैटेलाइट लॉन्च से जुड़ी जानकारी साझा की थी। जर्मन आर्मी के स्पेस कमांड का आकलन है कि रूस इसे दिसंबर में लॉन्च कर सकता है।
रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि अगर इस सैटेलाइट में परमाणु विस्फोट होता है तो पृथ्वी की निचली कक्षा (Low Earth Orbit) में मौजूद दूसरे सैटेलाइट भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। इससे नेविगेशन, दूरसंचार और मौसम संबंधी सेवाएं बाधित हो सकती हैं। इन सैटेलाइट सेवाओं पर आम लोगों के अलावा सरकारें और सेनाएं भी निर्भर हैं।
जर्मन रिपोर्ट में यह भी चिंता जताई गई है कि बड़े पैमाने पर सैटेलाइट सेवाएं बंद होने की स्थिति से निपटने के लिए जर्मनी की मौजूदा तैयारियां पर्याप्त नहीं हैं।
अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट से कितना बड़ा खतरा?
विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट का असर केवल उस सैटेलाइट तक सीमित नहीं रहेगा, जिसमें विस्फोट होगा। इससे निकलने वाली इलेक्ट्रोमैग्नेटिक पल्स (EMP) आसपास मौजूद सैटेलाइट के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकती है।
इसके अलावा, विस्फोट से निकलने वाला रेडिएशन लंबे समय तक अंतरिक्ष में मौजूद रह सकता है। इससे पृथ्वी की कक्षा में काम कर रहे दूसरे सैटेलाइट भी प्रभावित हो सकते हैं। नतीजतन इंटरनेट, संचार, नेविगेशन और मौसम से जुड़ी सेवाओं पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
अमेरिकी अधिकारियों ने भी आशंका जताई है कि रूस स्टारलिंक (Starlink) जैसे सैटेलाइट नेटवर्क को निशाना बना सकता है। गौरतलब है कि रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेनी सेना इंटरनेट और संचार के लिए स्टारलिंक सेवा का इस्तेमाल करती रही है।
रूस ने आरोपों को बताया प्रोपेगेंडा
जर्मनी की खुफिया रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को रूस ने खारिज कर दिया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि ऐसी रिपोर्टों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। वहीं, जर्मनी में रूसी दूतावास ने इन दावों को प्रोपेगेंडा करार दिया है। दूतावास का कहना है कि रूस का अंतरिक्ष कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए संचालित होता है।
हालांकि, रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने दावा किया है कि यूक्रेन और NATO देशों की कार्रवाइयों के कारण कई बार ऐसी परिस्थितियां बनी हैं, जब रूस ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर विचार किया। रूसी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, उन्होंने अपने लेख में कहा कि रूस किसी भी जवाबी कार्रवाई से पहले हुए नुकसान और उसकी गंभीरता के अनुपात का आकलन करता है।
NATO प्रमुख ने क्या कहा?
इस पूरे मामले के बीच NATO प्रमुख मार्क रुटे ने कहा है कि गठबंधन अपनी सुरक्षा और रक्षा व्यवस्था का लगातार आकलन कर रहा है। बर्लिन में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि NATO अपने क्षेत्र के हर हिस्से की रक्षा करेगा और इसमें अंतरिक्ष की सुरक्षा भी शामिल है।
किन दो अंतरराष्ट्रीय संधियों का होगा उल्लंघन?
अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों की तैनाती और परमाणु विस्फोट को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नियम बनाए गए हैं। रूस की कथित योजना सच साबित होती है तो इससे दो महत्वपूर्ण संधियों का उल्लंघन हो सकता है।
आउटर स्पेस ट्रीटी (1967) इस संधि के तहत किसी भी देश को पृथ्वी की कक्षा में परमाणु हथियार या सामूहिक विनाश के दूसरे हथियार तैनात करने की अनुमति नहीं है। रूस भी इस संधि का सदस्य है। आंशिक परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि (1963) यह संधि अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट करने पर रोक लगाती है।
ऐसे में अगर रूस वास्तव में परमाणु हथियार से लैस सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजता है तो यह अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। इससे न केवल NATO और रूस के बीच तनाव बढ़ सकता है, बल्कि दुनिया भर में सैटेलाइट आधारित सेवाओं पर निर्भर लोगों और देशों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
Read More:
बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, कोयले से भरे ट्रक में जा घुसी स्कॉर्पियो, मासूम बच्चे समेत 5 की मौत

