उत्तर प्रदेश के झांसी में अवैध शराब के कारोबार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब छिपाने का ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। घर के आंगन में जमीन के नीचे कच्ची शराब जमा की गई थी और उसे बाहर निकालने के लिए ऊपर सामान्य हैंडपंप लगाया गया था। जब पुलिस ने हैंडपंप चलाया तो उसमें से पानी की जगह शराब निकलने लगी। इस कार्रवाई में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 30 लीटर अवैध शराब बरामद की और करीब 1,000 लीटर कच्चा लहन नष्ट कराया। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
पानी के पंप के नीचे छिपा था शराब का भंडार
यह मामला झांसी के सकरार थाना क्षेत्र का है। यहां अवैध शराब बनाने और बेचने की सूचना पर पुलिस तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान टीम को घर के आंगन में लगा एक सामान्य हैंडपंप दिखाई दिया। पहली नजर में यह पानी निकालने का साधारण साधन लग रहा था, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर इसे चलाकर देखा गया।
हैंडपंप चलाते ही उसमें से पानी के बजाय कच्ची शराब निकलने लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शराब को टब में इकट्ठा किया और बाल्टी की मदद से नीले रंग के जरीकेन में भरकर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी खुद हैंडपंप चलाकर शराब निकालते दिखाई दे रहे हैं।
1,000 लीटर लहन किया नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस को तैयार शराब के अलावा बड़ी मात्रा में कच्चा लहन भी मिला। टीम ने मौके पर मौजूद करीब 1,000 लीटर लहन को नष्ट करा दिया, ताकि उससे आगे अवैध शराब तैयार करके बाजार में नहीं बेची जा सके। संयुक्त टीम ने ग्राम तेजपुरा घुराट निवासी 30 वर्षीय विनीता पत्नी रतन कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 30 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने सकरार थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस और आबकारी विभाग ने चलाया संयुक्त अभियान
टहरौली के सीओ रक्षपाल सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 21 नवंबर 2026 को अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इसी के तहत सकरार थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी की।
Read More
AI के इस्तेमाल पर रोक लगाने के बजाय सही इस्तेमाल सीखाएं… CJI सूर्यकांत ने दिया सुझाव

