उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मंगलवार, 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रकाशित इस सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के मुताबिक, पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले राज्य में करीब 18 लाख 84 हजार मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है, उन्हें नाम जुड़वाने और गलतियों में सुधार कराने का मौका दिया गया है।
ड्राफ्ट सूची में 13.58 करोड़ मतदाता
भारत निर्वाचन आयोग के 15 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को जारी ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,042 दर्ज की गई है। इस सूची में 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 है। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य का जेंडर रेशियो भी बढ़ा है। पिछली सूची में यह आंकड़ा 834 था, जो अब बढ़कर 840 हो गया है। वहीं, ईपी रेशियो 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है।
16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और आपत्ति दर्ज कराने का मौका
ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, पहले से दर्ज जानकारी में संशोधन कराने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, इस अवधि में मिलने वाले दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिन नागरिकों को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम नहीं मिलता है, वे निर्धारित अवधि के भीतर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर संशोधन का अनुरोध भी किया जा सकता है।
पिछली सूची के मुकाबले कितनी बढ़ी मतदाताओं की संख्या?
इससे पहले 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिलाएं और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे। उस समय 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी। अब नई ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ से ज्यादा हो गई है। हालांकि, युवा मतदाताओं की दर्ज संख्या पिछली सूची के मुकाबले कम है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियां जांच लें, ताकि अंतिम सूची जारी होने से पहले जरूरी सुधार कराया जा सके।
Read More
खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में मचा हंगामा! भगदड़ के बीच जमकर हुई तोड़फोड़, कुर्सियां लेकर भागे लोग

