पाकिस्तान में सक्रिय प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपने नए कमांडर-इन-चीफ के नाम का ऐलान किया है। संगठन ने वरिष्ठ कमांडर रहमान गुल उर्फ मुरीद को यह जिम्मेदारी सौंपी है। वह इससे पहले BLA की मजीद ब्रिगेड का नेतृत्व कर रहा था। खास बात यह है कि रहमान गुल कभी पाकिस्तानी सेना में कैप्टन के पद पर तैनात था। करीब आठ साल सेना में नौकरी करने के बाद उसने बगावत कर दी और BLA में शामिल हो गया। संगठन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, वरिष्ठ कमांड परिषद ने विचार-विमर्श के बाद रहमान गुल को नया प्रमुख बनाने का फैसला किया। इस नियुक्ति को संगठन के नेतृत्व और सभी कमांडरों की सहमति मिलने का दावा किया गया है। BLA ने कहा है कि नए नेतृत्व में उसका अभियान पहले की तरह जारी रहेगा
बशीर जेब की जगह संभालेंगे रहमान गुल
रहमान गुल की नियुक्ति संगठन में हालिया नेतृत्व परिवर्तन के बाद हुई है। BLA ने 3 नवंबर को घोषणा की थी कि बशीर जेब बलूच अब कमांडर-इन-चीफ की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे। इसके बाद संगठन के प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत फैसलों का अधिकार वरिष्ठ कमांड परिषद को सौंप दिया गया था। अब रहमान गुल को नया प्रमुख बनाए जाने के साथ नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। बशीर जेब दिसंबर 2018 में असलम बलूच की मौत के बाद संगठन के प्रमुख बने थे। असलम बलूच की अफगानिस्तान में एक आत्मघाती हमले में मौत हुई थी। बशीर जेब के नेतृत्व में BLA ने पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठानों, सुरक्षा बलों और चीनी हितों को निशाना बनाकर कई हमलों की जिम्मेदारी ली।
इनमें 2018 में कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास पर हमला, 2019 में ग्वादर के पर्ल कॉन्टिनेंटल होटल पर हमला और 2020 में कराची स्टॉक एक्सचेंज पर हमला शामिल हैं। मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस के अपहरण की जिम्मेदारी भी BLA ने ली थी।
सेना में आठ साल रहा, फिर कर दी बगावत
रहमान गुल का सैन्य सफर उसे BLA के दूसरे कमांडरों से अलग पहचान देता है। अमेरिकी थिंक टैंक जेम्सटाउन फाउंडेशन की 13 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रोफाइल के मुताबिक, उसने 2002 में पाकिस्तानी सेना ज्वाइन की थी। वह 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में करीब आठ साल तक तैनात रहा। इस दौरान उसने पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी, काकुल में दो साल का प्रशिक्षण भी लिया था। रिपोर्ट के अनुसार, सेना में उसकी तैनाती दक्षिण वजीरिस्तान के लड्डा और उत्तरी वजीरिस्तान के मीरानशाह जैसे संवेदनशील इलाकों में रही। इसके अलावा वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के कोटली जिले के खुईरट्टा सेक्टर में भी तैनात रहा। साल 2010 में उसने पाकिस्तानी सेना छोड़कर बगावत कर दी और बाद में BLA में शामिल हो गया।
मजीद ब्रिगेड की संभाल चुका है कमान
जेम्सटाउन फाउंडेशन की प्रोफाइल के मुताबिक, रहमान गुल का जन्म 14 अगस्त 1984 को बलूचिस्तान के नौशकी में हुआ था। उसका संबंध मेंगल समुदाय के एक प्रभावशाली परिवार से बताया गया है। उसके पिता का नाम मीर अफजल खान मेंगल है। उसने नौशकी के गवर्नमेंट बॉयज मॉडल हाई स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद क्वेटा में आगे की शिक्षा हासिल की और पेशावर विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री ली। BLA में शामिल होने के बाद रहमान गुल संगठन की अहम सैन्य इकाई मजीद ब्रिगेड का कमांडर बना। वह संगठन की वरिष्ठ कमांड परिषद का सदस्य भी रहा। जेम्सटाउन फाउंडेशन ने अपनी रिपोर्ट में उसे BLA का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण कमांडर बताया था।
BLA बलूचिस्तान की आजादी की मांग करने वाला सशस्त्र अलगाववादी संगठन है। यह पाकिस्तानी सरकार पर क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और बलूच आबादी के साथ भेदभाव का आरोप लगाता है। हालांकि, पाकिस्तान और अमेरिका दोनों ने इसे आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है।
Read More

