HomeBreaking NewsOLA इलेक्ट्रिक के बुरे दिन शुरू! मुनाफे में 39 फीसदी की गिरावट

OLA इलेक्ट्रिक के बुरे दिन शुरू! मुनाफे में 39 फीसदी की गिरावट

‘EndICEAge’ कैंपेन के साथ भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर की क्रांति लाने का दावा करने वाली ओला इलेक्ट्रिक अब अपनी कारोबारी रणनीति बदल रही है। कंपनी ने अपने डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) स्टोर के जरिए नए ऑर्डर लेना बंद कर दिया है और बिक्री बढ़ाने के लिए थर्ड-पार्टी डीलरशिप नेटवर्क पर भरोसा जताया है। ज्यादातर कंपनी संचालित स्टोर 2026 के अंत तक बंद किए जाने की योजना है। कंपनी के वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे भी कारोबार पर दबाव की तस्वीर दिखाते हैं। इस दौरान ओला का रेवेन्यू सालाना आधार पर 39 फीसदी घटा है। हालांकि, कंपनी का घाटा पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले कम हुआ है। कंपनी अब उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सप्लाई चेन मजबूत करने पर जोर दे रही है।

700 डीलरशिप लोकेशन तक नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी

ओला इलेक्ट्रिक ने अगस्त 2026 में अपने बिक्री मॉडल में बदलाव का ऐलान किया था। इसके बाद सितंबर की शुरुआत में पहली थर्ड-पार्टी डीलरशिप ने काम करना शुरू कर दिया। कंपनी के मुताबिक, 8 नवंबर तक देशभर में उसके 255 डीलर थे, जो कुल 319 स्टोर संचालित कर रहे थे। कंपनी की योजना मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक अपने डीलरशिप नेटवर्क को 700 लोकेशन तक पहुंचाने की है। फाउंडर और CEO भाविश अग्रवाल का मानना है कि इस मॉडल से कंपनी के परिचालन खर्च में कमी आएगी और वर्किंग कैपिटल की जरूरत भी घटेगी। इसका असर कंपनी के खर्च में भी दिखाई दिया है। Q2 FY27 में ओला का ऑपरेशनल खर्च घटकर 369 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पहली तिमाही में यह 390 करोड़ रुपये था। कंपनी को उम्मीद है कि डीलरशिप मॉडल से कारोबार को ज्यादा किफायती तरीके से चलाया जा सकेगा।

कमाई में 39 फीसदी की गिरावट

ओला इलेक्ट्रिक के वित्तीय नतीजों में घाटे के मोर्चे पर कुछ राहत जरूर मिली है। Q2 FY27 में कंपनी का नेट लॉस घटकर 362 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही यानी Q2 FY26 में यह 418 करोड़ रुपये था। हालांकि, रेवेन्यू में गिरावट कंपनी के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। दूसरी तिमाही में कंपनी की कमाई घटकर 421 करोड़ रुपये रह गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में उसने 690 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। इस तरह कंपनी की आय में सालाना आधार पर करीब 39 फीसदी की कमी आई। वहीं, EBITDA लॉस बढ़कर 218 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 203 करोड़ रुपये था। यानी नेट लॉस कम होने के बावजूद परिचालन स्तर पर दबाव बना हुआ है।

दिसंबर तक 25 हजार स्कूटर बनाने का लक्ष्य

भाविश अग्रवाल ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में दावा किया कि कंपनी के सामने इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग की कमी नहीं है, बल्कि उत्पादन बढ़ाना और सप्लाई चेन को मजबूत करना बड़ी चुनौती है। उनके मुताबिक, कंपनी फिलहाल जितने स्कूटर बना रही है, उतने ही बिक रहे हैं। अग्रवाल ने बताया कि अगस्त 2026 में ओला इलेक्ट्रिक ने 9,235 स्कूटर बनाए थे। अक्टूबर में यह आंकड़ा बढ़कर 14,092 यूनिट हो गया। कंपनी का लक्ष्य दिसंबर तक हर महीने 25,000 इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने का है। इसके लिए मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के साथ सप्लाई चेन को भी मजबूत किया जा रहा है।

Read More

पाकिस्तानी सेना का पूर्व कैप्टन बना BLA का नया चीफ! 8 साल नौकरी के बाद संगठन में हुआ था शामिल

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments