HomeBreaking Newsजय शाह को फिर सौंपी गई विश्व क्रिकेट की कमान, निर्विरोध चुने...

जय शाह को फिर सौंपी गई विश्व क्रिकेट की कमान, निर्विरोध चुने गए ICC चेयरमैन, बोले- दुनिया में क्रिकेट को आगे बढ़ाने का है टारगेट

Jay Shah Reappointment ICC Chairman: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में एक बार फिर जय शाह को चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की अहम बैठक में उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुन लिया गया। बोर्ड की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सहमति जताई। इस फैसले के साथ ही जय शाह लगातार दूसरे कार्यकाल में विश्व क्रिकेट का नेतृत्व करते नजर आएंगे।

पहले कार्यकाल में हासिल कीं कई बड़ी उपलब्धियां

जय शाह का पहला कार्यकाल (2024-2026) कई अहम फैसलों और उपलब्धियों के लिए चर्चा में रहा। उन्होंने 1 दिसंबर 2024 को आधिकारिक रूप से आईसीसी चेयरमैन का पदभार संभाला था। उस समय 35 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचकर वह आईसीसी के इतिहास में सबसे युवा चेयरमैन बने थे।

आईसीसी की जिम्मेदारी संभालने से पहले जय शाह अक्टूबर 2019 से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव के रूप में काम कर रहे थे। इसके अलावा वह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इन संगठनों में अपने अनुभव के आधार पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

 

128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी में अहम भूमिका

जय शाह के पहले कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी शामिल रही। इस दिशा में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना गया। इसके साथ ही उन्होंने महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने, दर्शकों की संख्या बढ़ाने और महिला टूर्नामेंट्स की व्यावसायिक अहमियत बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया।

उनके नेतृत्व में राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े आईसीसी टूर्नामेंट आयोजित किए गए। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निष्पक्षता बनाए रखने और एसोसिएट देशों को आगे बढ़ाने के लिए भी कई कदम उठाए गए। इन देशों में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

दूसरे कार्यकाल को लेकर जय शाह ने क्या कहा?

दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा, ‘ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं और हर डायरेक्टर का उनके लगातार भरोसे और सपोर्ट के लिए दिल से शुक्रगुजार हूं। ICC के चेयरमैन के तौर पर काम करना एक खुशी और जिम्मेदारी दोनों है, और मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने मेंबर्स के साथ काम करने के लिए कमिटेड हूं।’

क्रिकेट के भविष्य को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस

जय शाह ने आगे कहा कि आईसीसी की जिम्मेदारी केवल सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है। संगठन को प्रशंसकों, खिलाड़ियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य महत्वपूर्ण पक्षों को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट का मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना होगा।

उन्होंने कहा, ‘हमारी जिम्मेदारी सिर्फ सफल इवेंट्स देने तक ही सीमित नहीं है। हमें फैंस, एथलीट्स, कमर्शियल पार्टनर्स और दूसरे जरूरी स्टेकहोल्डर्स पर फोकस करते हुए खेल के लिए एक मजबूत और ज्यादा सस्टेनेबल भविष्य बनाना होगा। मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ लाने की उसकी काबिलियत है। बोर्ड और हमारे मेंबर्स के सपोर्ट से, हमारा फोकस अपने सपने को एक्शन में बदलने पर होगा और यह पक्का करना होगा कि हम जो तरक्की करें, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक यादगार निशानी बने।’

जय शाह के दूसरे कार्यकाल में क्रिकेट को नए देशों तक पहुंचाने, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और खेल के लिए दीर्घकालिक विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है।

Read More:

नवंबर में ही मुंबई पर मंडराया जल संकट! झीलों में घटा पानी, पिछले साल के मुकाबले 13% कम भंडार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments