उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सभी दल अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने और संभावित गठबंधन के समीकरणों पर काम कर रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद(Sanjay Nishad) पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने शुक्रवार (13 नवंबर) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
इस बैठक में मछुआ समुदाय से जुड़े मुद्दों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी बातचीत हुई। मुलाकात के बाद संजय निषाद ने संकेत दिया कि उनकी पार्टी आने वाले चुनाव में पहले के मुकाबले अधिक सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकती है।
अमित शाह को बताया मार्गदर्शक
मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने अमित शाह को अपना मार्गदर्शक और संरक्षक बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली की शुभकामनाएं देने के साथ बैठक में मछुआ समुदाय की सामाजिक समस्याओं और 2027 के चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि चुनाव में सफलता के लिए सामाजिक समीकरणों को समझना और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की चुनावी ताकत है।
कश्यप-निषाद आबादी वाली सीटों पर नजर
संजय निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पिछली बार के चुनावी प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी पार्टी ने जिन 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था उनमें से 11 पर जीत हासिल की थी।
उन्होंने सुझाव दिया कि अब ऐसी दूसरी विधानसभा सीटों की भी पहचान की जानी चाहिए, जहां कश्यप और निषाद समुदाय की आबादी अधिक है। पार्टी का मानना है कि इन क्षेत्रों में बेहतर रणनीति के साथ चुनावी सफलता हासिल की जा सकती है।
सीटों को लेकर बढ़ सकती है दावेदारी
अमित शाह के साथ हुई इस मुलाकात को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संजय निषाद के बयानों से साफ संकेत मिलता है कि निषाद पार्टी आगामी चुनाव में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला आगे की बातचीत के बाद ही सामने आएगा।