HomeBreaking Newsबवाना में आधी रात खूनी खेल! भाई की हत्या का बदला लेने...

बवाना में आधी रात खूनी खेल! भाई की हत्या का बदला लेने के लिए किया डबल मर्डर, इलाके में मची सनसनी

दिल्ली के बवाना(Bawana Double murder) इलाके में आधी रात को हुई दो हत्याओं से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुरुआत में पुलिस को एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक और शव मिलने से मामला डबल मर्डर में बदल गया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक युवक की हत्या के बाद उसके भाई ने दूसरे युवक की जान ले ली।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह घटना 15 नवंबर 2026 की आधी रात के आसपास बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द गांव में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को गोली लगी है और उसे महर्षि वाल्मीकि अस्पताल (एमवी अस्पताल) ले जाया गया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने 27 वर्षीय सचिन को मृत घोषित कर दिया। सचिन के सीने में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

गौशाला में मिले खून के निशान और कारतूस

जांच के दौरान पुलिस को सचिन के परिवार से जुड़ी गौशाला में खून के धब्बे मिले। मौके से तीन खाली कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर एक दूसरी गली में युवक का शव मिला। उसकी पहचान सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई। वह भी पूठ खुर्द गांव का निवासी था।

पहले सचिन की हत्या, फिर सोनू की मौत

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सचिन और सोनू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी झगड़े के दौरान सोनू ने सचिन को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने कथित तौर पर सोनू को पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी। इस तरह कुछ ही समय के भीतर दोनों युवकों की जान चली गई।

पुलिस ने नरेश को किया गिरफ्तार

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले सबूतों और शुरुआती पूछताछ के आधार पर नरेश की भूमिका का पता लगाया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां दोनों हत्याओं के पीछे की असली वजह, आपसी विवाद और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई उपलब्ध सबूतों के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें : कानपुर में छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के इकलौते बेटे की मौत, महिला मित्र से फ्लैट…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments