Balen Shah Black Sunglasses Secret: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों अपने पहले विदेश दौरे को लेकर चर्चा में हैं। रविवार (22 नवंबर 2026) को वह भारत पहुंचे, जहां उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ मुलाकात की। इस दौरान एक बार फिर लोगों का ध्यान उनके खास अंदाज पर गया। बैठक के दौरान बालेन शाह अपने सिग्नेचर ब्लैक सनग्लासेज में नजर आए। इससे पहले सितंबर 2026 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अपने पहले भाषण के दौरान भी उन्होंने काला चश्मा पहना था। ऐसे में सवाल उठता है कि नेपाली प्रधानमंत्री आखिर सार्वजनिक कार्यक्रमों और विदेशी दौरों पर हमेशा काला चश्मा क्यों लगाए रहते हैं?
बालेन शाह की पहचान बन चुका है काला चश्मा
36 वर्षीय बालेन शाह का काला चश्मा अब उनकी राजनीतिक और सार्वजनिक छवि का अहम हिस्सा बन गया है। ‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री बनने के बाद से वह संसद, सार्वजनिक समारोहों, विदेशी राजनयिकों के साथ बैठकों और सैन्य परेड जैसे कार्यक्रमों में सनग्लासेज पहने दिखाई देते हैं।
हालांकि, उनकी यह आदत हर जगह देखने को नहीं मिलती। कैबिनेट की बैठकों, संयुक्त बैठकों और निजी बातचीत के दौरान वह अक्सर चश्मा उतार देते हैं। यानी सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनका यह खास अंदाज ज्यादा देखने को मिलता है।
रैपर से प्रधानमंत्री तक साथ रहा सिग्नेचर लुक
बालेन शाह राजनीति में आने से पहले रैपर के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। वह काठमांडू के मेयर भी रह चुके हैं। उनके म्यूजिक करियर के दौरान शुरू हुआ ब्लैक सनग्लासेज पहनने का अंदाज अब प्रधानमंत्री बनने के बाद भी कायम है।
साल 2022 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू के मेयर का चुनाव जीतकर उन्होंने सबको चौंका दिया था। उस दौरान उनका काला सूट और ब्लैक सनग्लासेज काफी चर्चा में रहा। धीरे-धीरे यह उनका सिग्नेचर स्टाइल बन गया।
उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेपाल के बड़े ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म दराज (Daraz) पर भी उनके चश्मे का स्टाइल काफी लोकप्रिय है। यहां ‘Balen Shah Glasses’ सर्च करने पर उनके जैसे डिजाइन वाले सनग्लासेज के कई विकल्प दिखाई देते हैं।
प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नहीं बदला अंदाज
सितंबर 2025 में नेपाल में युवाओं के आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद बालेन शाह की लोकप्रियता और बढ़ी। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान भी काला चश्मा पहनने का अंदाज बरकरार रखा।
इसके बाद मार्च 2026 में हुए संसदीय चुनावों में उनकी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। बालेन शाह ने खुद पूर्वी जिले में केपी शर्मा ओली को हराया और प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उनका सिग्नेचर ब्लैक सनग्लासेज वाला लुक लगातार चर्चा में बना हुआ है।
अब तक सिर्फ तीन बार उतारा अपना काला चश्मा
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, बालेन शाह को अब तक तीन खास मौकों पर बिना सनग्लासेज के देखा गया है।
जुलाई 2026: दक्षिणी नेपाल में हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच झड़पों के बाद लोगों से बातचीत करते समय उन्होंने अपना काला चश्मा उतार दिया था।
अगस्त 2026: बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान भी वह बिना सनग्लासेज के नजर आए थे।
समर्थकों से बातचीत: एक मौके पर उन्होंने अपना चश्मा उतारकर समर्थकों से ‘आई लव यू’ कहा था। उनका यह अंदाज भी काफी चर्चा में रहा।
डॉक्टर की सलाह पर पहनते हैं काला चश्मा
बालेन शाह के सनग्लासेज को लेकर नेपाल की संसद में भी चर्चा हो चुकी है। अगस्त 2026 में प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष डोल प्रसाद आर्यल ने संसदीय कार्यवाही के दौरान काला चश्मा पहनने पर रोक लगा दी थी। इसके पीछे सदन की मर्यादा बनाए रखने और आलोचनाओं से बचने की बात कही गई थी।
हालांकि, बाद में ‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट में बताया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनके इस लुक का बचाव किया था। कार्यालय की ओर से कहा गया कि एक डॉक्टर ने बालेन शाह को तेज रोशनी से बचने के लिए सनग्लासेज पहनने की सलाह दी है।
यानी बालेन शाह का काला चश्मा सिर्फ फैशन या स्टाइल तक सीमित नहीं है। इसके पीछे तेज रोशनी से आंखों को बचाने की चिकित्सकीय सलाह भी एक वजह बताई गई है। यही कारण है कि उनका यह सिग्नेचर लुक अब उनकी सार्वजनिक पहचान का हिस्सा बन चुका है।
Read More:
Bisleri को मिली बड़ी राहत, लेकिन अब एक्शन में आई सरकार, देशभर में होगी बोतलबंद पानी की जांच

