HomeBreaking Newsदिल्ली में महिलाओं के कपड़े पहनकर राहगीरों को लूटता था गिरोह, दो...

दिल्ली में महिलाओं के कपड़े पहनकर राहगीरों को लूटता था गिरोह, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने लूटपाट करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसका तरीका जानकर हर कोई हैरान है। गिरोह का एक सदस्य महिलाओं के कपड़े पहनकर सुनसान सड़कों पर खड़ा हो जाता था और राहगीरों से मदद मांगने का इशारा करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उसकी मदद के लिए रुकता और वाहन से नीचे उतरता, आसपास छिपे दूसरे बदमाश उस पर हमला कर देते थे। इसके बाद नकदी और कीमती सामान लूटकर सभी फरार हो जाते थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

महिलाओं के कपड़े पहनकर जाल में फंसाता था आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मोनू उर्फ चाइनीज और 26 वर्षीय सागर शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मोनू ने लोगों को लूटने के लिए यह अनोखा तरीका तैयार किया था। गिरोह खासतौर पर देर रात और सुबह तड़के अकेले सफर करने वाले लोगों को निशाना बनाता था।

आरोपी यमुना खादर के आसपास सुनसान रास्तों पर महिलाओं के कपड़े पहनकर खड़ा होता था। वह गुजरने वाले वाहन चालकों को मदद के लिए इशारा करता। जैसे ही कोई व्यक्ति रुककर उसकी मदद करने पहुंचता, वह उसे पकड़ लेता। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे उसके साथी बाहर निकलते और पीड़ित के साथ मारपीट कर सामान लूट लेते थे।

सुबह चार बजे टेंपो चालक को बनाया था निशाना

गिरोह की इस साजिश का खुलासा 18 नवंबर को हुई एक लूट के बाद हुआ। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4:05 बजे एक टेंपो चालक सिग्नेचर ब्रिज से बुराड़ी के अशोक विहार की ओर प्लाईवुड लेकर जा रहा था। रास्ते में महिलाओं के कपड़े पहने एक व्यक्ति ने उसे मदद के लिए रोका।

चालक जैसे ही नीचे उतरा, आरोपी ने उसे पकड़ लिया। तभी दूसरे बदमाश ने पीछे से उसका गला दबा दिया। इसके बाद दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और चालक से मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और तीन चाबियां लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी। न्यू उस्मानपुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने मोनू और सागर को गिरफ्तार कर लूटी गई नकदी बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बाबा श्याम गिरी मंदिर के पास हुई दूसरी लूट में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। यह मामला शास्त्री पार्क थाने में दर्ज था। पुलिस का कहना है कि दोनों गिरफ्तारियों से इलाके की दो वारदातें सुलझ गई हैं।

Read More

बुजुर्ग को बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह! SUV ने बदली लेन, कार से टक्कर में 2 लोगों की मौत

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments