Panchayat Season 5: लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘पंचायत’ के नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। द वायरल फीवर (TVF) ने पंचायत सीजन 5 की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। सचिव जी और फुलेरा के ग्रामीणों की कहानी एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाली है। इस बार गांव में सत्ता बदल चुकी है और नए प्रधान के आने से कहानी में कई नए मोड़ देखने को मिल सकते हैं।
3 दिसंबर को OTT पर रिलीज होगा पंचायत 5
मेकर्स ने 18 नवंबर को सीरीज का नया पोस्टर जारी कर पांचवें सीजन की रिलीज डेट की घोषणा की। पंचायत 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर, 2026 को होगा। दर्शक इस सीजन को अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकेंगे। यह सीरीज भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज की जाएगी।
नए पोस्टर में जितेंद्र कुमार, विकास, नीना गुप्ता और सीरीज के अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं। पोस्टर सामने आने के बाद फैंस के बीच नए सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

पुराने कलाकार निभाएंगे अपने लोकप्रिय किरदार
पंचायत 5 में एक बार फिर जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक समेत पूरी स्टारकास्ट नजर आएगी। सभी कलाकार अपने पुराने और लोकप्रिय किरदारों में दिखाई देंगे, जिनसे दर्शकों का खास जुड़ाव रहा है।
सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी और रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने मिलकर की है। TVF के निर्माण में तैयार यह सीरीज अपने देसी अंदाज, सहज कॉमेडी और गांव की जिंदगी को करीब से दिखाने के लिए लोकप्रिय रही है।
फुलेरा में बदली सत्ता
पंचायत के पांचवें सीजन में सबसे बड़ा बदलाव फुलेरा की सत्ता में देखने को मिलेगा। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और अब बनराकस प्रधानपति की भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में दर्शकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि सत्ता मिलने के बाद बनराकस फुलेरा के लिए क्या नई योजनाएं बनाएंगे और गांव की तस्वीर बदलने में कितना सफल होंगे?
नए सीजन में गांव की राजनीति, आपसी टकराव, नए समीकरण और प्रतिद्वंद्विता कहानी को आगे बढ़ाएंगे। सत्ता परिवर्तन के साथ किरदारों के बीच रिश्तों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। हास्य के साथ भावनात्मक पल और स्थानीय राजनीति का तड़का इस बार भी सीरीज की खासियत रहने वाला है।
फुलेरा की बदली राजनीति और नए प्रधानपति की योजनाओं के बीच सचिव जी और गांव के बाकी किरदार किस तरह परिस्थितियों का सामना करेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। अब दर्शकों को 3 दिसंबर का इंतजार है, जब पंचायत का नया सीजन ओटीटी पर दस्तक देगा।
Read More:

