HomeBreaking Newsछठ पर घर जाने वालों के लिए महाराष्ट्र से चलेगी 1,500 विशेष...

छठ पर घर जाने वालों के लिए महाराष्ट्र से चलेगी 1,500 विशेष ट्रेनें, 700 AI कैमरों से निगरानी

छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। देशभर में 18 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। वहीं, महाराष्ट्र से करीब 1,500 विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों की मदद ली जा रही है। मध्य रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर (CPRO) स्वप्निल नीला ने बताया कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाना है। इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

प्लेटफॉर्म पर भीड़ रोकने के लिए होल्डिंग एरिया तैयार

रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। यहां यात्री ट्रेन आने तक इंतजार कर सकेंगे। इन स्थानों पर टिकट काउंटर, अतिरिक्त सुरक्षा जांच और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ जमा न हो, इसके लिए यात्रियों को कतार में लगाकर ट्रेन में प्रवेश कराया जा रहा है। रेलवे के कर्मचारी और अधिकारी लगातार तैनात हैं, ताकि भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके और भगदड़ जैसी घटनाओं की आशंका कम हो।

देशभर में 18 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस साल दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान देशभर में 18 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पिछले साल इसी त्योहारी अवधि में करीब 12 हजार स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई थीं। इस बार यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए लगभग 6 हजार अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे करीब 20 प्रमुख स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया के जरिए यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित कर रहा है। इसके अलावा लगभग 700 AI आधारित कैमरों से स्टेशनों पर भीड़ की निगरानी की जा रही है। इन कैमरों की मदद से भीड़ की स्थिति का आकलन कर आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सकती है।

5 से 15 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक

छठ पूजा के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के साथ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर भी जोर दिया है। सेंट्रल रेलवे ने महाराष्ट्र के कई स्टेशनों पर 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद करने का फैसला किया है। रेलवे के मुताबिक, इससे गैर-जरूरी लोगों की स्टेशन परिसर में आवाजाही कम होगी और यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान ज्यादा जगह मिलेगी। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने के लिए लगातार तैनात किया गया है। रेलवे का प्रयास है कि त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों को भीड़ के बीच भी सुरक्षित सफर मिल सके और वे समय पर अपने परिवार के पास पहुंच सकें।

Read More

डेटिंग ऐप पर प्यार का जाल, कारोबारी को क्राइम ब्रांच के नाम पर अगवा कर 6.40 लाख लूटे

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments