HomeBreaking Newsडेटिंग ऐप पर प्यार का जाल, कारोबारी को क्राइम ब्रांच के नाम...

डेटिंग ऐप पर प्यार का जाल, कारोबारी को क्राइम ब्रांच के नाम पर अगवा कर 6.40 लाख लूटे

गुजरात के अहमदाबाद में डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप और जबरन वसूली का मामला सामने आया है। वस्त्राल इलाके में आइसक्रीम मशीन बनाने का कारोबार करने वाले 35 वर्षीय युवक को ‘हीना पटेल’ नाम की युवती ने पहले प्यार भरी बातों में उलझाया। फिर मिलने के बहाने बुलाकर कथित तौर पर अपने साथियों के जरिए उसका अपहरण करा दिया। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताया, कारोबारी को करीब तीन घंटे तक घुमाया और पुलिस केस में फंसाने की धमकी देकर 6.40 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने विवेकानंद नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दो महीने पहले डेटिंग ऐप पर हुई थी मुलाकात

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, कारोबारी ने करीब दो महीने पहले अपने मोबाइल में एक डेटिंग ऐप डाउनलोड किया था। इसी ऐप पर उसकी पहचान ‘हीना पटेल’ नाम की युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ने लगीं। युवती उसे लगातार प्यार भरे मैसेज और तस्वीरें भेजती थी। कारोबारी उसकी बातों में आ गया। बीती 6 तारीख को हीना ने अहमदाबाद आने की बात कहकर उसे हाथीजन सर्कल के पास मिलने के लिए बुलाया। दोनों एक सुनसान जगह पर बैठे थे, तभी कार में सवार तीन लोग वहां पहुंच गए।

क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर किया अपहरण

आरोपियों ने कारोबारी को धमकाते हुए कहा कि युवती अपराधी है और वह भी उसके साथ मिला हुआ है। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताया और दोनों को जबरन कार में बैठा लिया। कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने युवती को उतार दिया, लेकिन कारोबारी को अपने साथ लेकर शहर में घूमते रहे। करीब तीन घंटे तक उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर पीटा गया और झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उससे ऑनलाइन 40 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति को भी बुलाया गया। उसने बैंकिंग ऐप का पासवर्ड हासिल करने के लिए कारोबारी का गला दबाया और मारपीट की। फिर उसके बैंक खाते से जबरन 6 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इस तरह कुल 6.40 लाख रुपये वसूले गए। इसके बाद आरोपी उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।

3.02 लाख रुपये लौटाए

आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद कारोबारी ने हीना पटेल को फोन किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। शिकायत के डर से युवती ने पैसे वापस कराने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने कल्पेश और राज नाम के दो लोगों को रकम लौटाने के लिए भेजा। इन दोनों के जरिए कारोबारी को 3.02 लाख रुपये वापस मिले। हालांकि, बाकी रकम को लेकर कोई समाधान नहीं निकला। पीड़ित के मुताबिक, कुल 6.40 लाख रुपये में से 3.02 लाख रुपये मिलने के बाद भी उसके 3.37 लाख रुपये वापस नहीं किए गए।

Read More

मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत, AIIMS में भर्ती

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments