उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ(Chhath) महापर्व का समापन हो गया। देशभर में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पर्व को मनाया। इस बीच भारत में स्थित चीनी दूतावास की ओर से भी छठ पूजा की शुभकामनाएं दी गईं। खास बात यह रही कि चीन ने इस भारतीय पर्व की तुलना अपनी पारंपरिक सूर्य पूजा से करते हुए दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक समानता का जिक्र किया।
भारत स्थित चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने छठ महापर्व मना रहे सभी लोगों को बधाई दी। साथ ही भारत की छठ पूजा और चीन के पारंपरिक ‘सूर्य पर्व’ के बीच समानताओं की ओर भी ध्यान दिलाया।
तस्वीरों के जरिए दिखाई सूर्य पूजा की समानता
यू जिंग ने अपनी पोस्ट में एक कोलाज तस्वीर साझा की। इसमें दो अलग-अलग देशों में सूर्य के प्रति आस्था और सम्मान की झलक दिखाई गई है।तस्वीर के एक हिस्से में चीन के पारंपरिक सूर्य पर्व का दृश्य है। इसमें पहाड़ी की चोटी पर बने एक गोलाकार स्मारक के ऊपर उगते सूरज को दिखाया गया है।


