दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने जामताड़ा-मूवाट से जुड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में आशीष आर्या, नासिर हुसैन और शौकीन को गिरफ्तार किया है। शुरुआती केस में कुरियर अपडेट के नाम पर मालिशियस APK भेजकर करीब 3.97 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को फ्यूल कार्ड के जरिए बड़े पैमाने पर रकम के लेन-देन का शक हुआ।
कुरियर अपडेट के नाम पर भेजा गया APK
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को कुरियर से जुड़े अपडेट के नाम पर एक APK फाइल भेजी थी। इस मालिशियस ऐप के जरिए करीब 3.97 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। रकम की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी का पैसा HPCL DriveTrack Plus के फ्यूल कार्ड ID में ट्रांसफर किया गया था। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने ऐसे संदिग्ध फ्यूल कार्ड की जानकारी जुटानी शुरू की।
200 तक फर्जी फ्यूल कार्ड का शक
जांच में पुलिस को 100 से ज्यादा संदिग्ध फ्यूल कार्ड के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए 150 से 200 तक फर्जी फ्यूल कार्ड तैयार किए गए हो सकते हैं। प्रत्येक कार्ड की कथित लिमिट करीब 7.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इसी आधार पर पुलिस करीब 10 करोड़ रुपये के संभावित वित्तीय ट्रेल की जांच कर रही है। हालांकि, यह पूरी रकम वास्तव में ठगी या अवैध लेन-देन से जुड़ी है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस के मुताबिक, नासिर हुसैन को इस नेटवर्क का कथित मुख्य आरोपी माना जा रहा है। उसके लिंक साइबर फ्रॉड के दूसरे मामलों में भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पेट्रोल पंपों पर कैश कराने का शक
जांच एजेंसी का आरोप है कि ट्रक मालिकों के KYC दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया। ये दस्तावेज BlackBuck प्लेटफॉर्म के जरिए हासिल किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों में मौजूद फोटो और अन्य जानकारियों में AI की मदद से बदलाव कर फर्जी पहचान तैयार की गई और फिर इनका इस्तेमाल फ्यूल कार्ड हासिल करने में किया गया। पुलिस को यह भी शक है कि फर्जी SIM कार्ड और वीडियो KYC के जरिए अलग-अलग पहचान पर कई फ्यूल कार्ड बनवाए गए। इन कार्डों में मौजूद रकम को पेट्रोल पंपों के जरिए कथित तौर पर कैश कराया जाता था। पुलिस कुछ पेट्रोल पंप कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
Read More
कुशीनगर में महिला शिक्षिका से अश्लील बातचीत का वीडियो वायरल, स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार

