राजधानी लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र स्थित विजन अपार्टमेंट में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपनी 42 वर्षीय मां की भारी रिंच से सिर पर वार करके निर्मम हत्या कर दी। वारदात 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है, जब आरोपी बेटा घर पहुंचा और उसने मां से चाय बनाने को कहा। जैसे ही मां रसोई की तरफ बढ़ीं, बेटे ने पीछे से उनके सिर पर रिंच से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
AI की मदद से डायरी में लिखी थी कत्ल की पूरी प्लानिंग
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड को लेकर जो सच सामने आया है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। आरोपी ने हत्या के लिए ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए मास्टर रिंच और पेपर स्प्रे मंगवाया था। इसके बाद उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से हत्या का पूरा प्लान तैयार किया और उसे अपनी पर्सनल डायरी में दर्ज किया। डायरी में कत्ल करने के तरीके से लेकर वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने और गर्म पानी से खून साफ करने तक का पूरा ब्योरा लिखा हुआ था।
मां को मारने के बाद खुद पुलिस को फोन कर दी सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भागने का कोई प्रयास नहीं किया। उसने पहले अपने पिता और फिर तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को कॉल कर खुद मां की हत्या करने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट जितेंद्र श्रीवास्तव पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से खून से सने कपड़े, मोबाइल, डायरी व हत्या में इस्तेमाल रिंच जब्त कर ली है।
व्यवहार और जीवनशैली को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, मृतका के पति शहर के प्रमुख कपड़ा कारोबारी हैं और आरोपी उनका इकलौता बेटा है। करीब 10-12 साल की उम्र के बाद से ही किशोर में शारीरिक और हार्मोनल बदलाव आने लगे थे। उसे लड़कियों की तरह कपड़े पहनने और सजने-संवरने का शौक था, जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। परिजनों के मुताबिक, वह आक्रामक स्वभाव का था और उसका मानसिक इलाज भी चल रहा था।
4 महीने से परिवार से अलग अकेले फ्लैट में रह रहा था आरोपी
लगातार होती रोक-टोक और सामाजिक बदनामी के डर से परिजनों ने करीब चार महीने पहले उसे घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गणेशगंज इलाके में एक अलग फ्लैट दिला दिया था। बेटा वहीं अकेला रहता था और परिवार उसके रहने-खाने का खर्च उठाता था। हालांकि, अलग रहने के बावजूद उनके बीच तनाव कम नहीं हुआ और आखिरकार 1 अक्टूबर की रात इस खौफनाक वारदात के रूप में सामने आया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत कानूनी जांच कर रही है।
READ MORE: 1178 फीट ऊंचे चिनाब ब्रिज पर 100 की स्पीड से दौड़ी वंदे भारत, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी