मॉडल टाउन(Model Town) इलाके में ताला-चाबी ठीक करने के बहाने घर में घुसे दो संदिग्ध लोगों ने पूर्व चार्टर्ड अकाउंटेंट सुधीर धीर के घर से करीब 50 तोले सोना चोरी कर लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी बिना मजदूरी लिए साइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चाचा-भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के मुताबिक, उनके घर की अलमारी का लॉक खराब था। सुबह घर के बाहर एक युवक साइकिल पर ताला-चाबी ठीक करने की आवाज लगा रहा था। उन्होंने उसे घर के अंदर बुलाया। युवक ने कुछ देर लॉक देखने के बाद 150 रुपये में उसे ठीक करने की बात कही, लेकिन लॉक ठीक करने के बजाय वह और खराब हो गया। इसके बाद युवक ने अगले दिन अपने चाचा को साथ लाने की बात कही।
लॉकर से निकाला सोना
अगले दिन युवक अपने बताए रिश्तेदार के साथ घर पहुंचा। दोनों ने अलमारी का लॉक खोलना शुरू किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अलमारी का दरवाजा इस तरह मोड़ दिया कि अंदर रखा सामान आसानी से दिखाई न दे। इसी दौरान दोनों ने लॉकर में रखे पैकेट से सोना निकाल लिया।
सुधीर धीर की बेटी को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ और उसने दोनों को घर से बाहर जाने के लिए कहा। पकड़े जाने की आशंका में दोनों आरोपी 150 रुपये की मजदूरी लिए बिना ही साइकिल से निकल गए। परिजनों ने बाद में अलमारी जांची तो सोना गायब मिला। घटना के समय घर में सुधीर धीर, उनकी पत्नी, बेटी और घरेलू सहायिका मौजूद थीं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गुरशिंदर कौर के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
घर की सुरक्षा के लिए सावधानी जरूरी
ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पुलिस की ओर से लोगों को अनजान फेरीवालों या राहगीरों को घर के अंदर नहीं बुलाने की सलाह दी जाती है। ताला-चाबी का काम किसी भरोसेमंद और स्थायी दुकान से करवाना बेहतर है। घर में काम करने वाले व्यक्ति की पहचान और पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी लेना भी जरूरी है।
इसके अलावा घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाना तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति का मोबाइल नंबर लेकर उसी समय सत्यापन करना सुरक्षा के लिहाज से उपयोगी हो सकता है।