India-Bangladesh Relations: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 4 अक्टूबर को नई दिल्ली में भारत में बांग्लादेश के निवर्तमान उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत-बांग्लादेश संबंधों में हमीदुल्लाह के योगदान की सराहना की और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह से उनकी विदाई मुलाकात के दौरान मिलकर खुशी हुई। उनके योगदान की सराहना करता हूं और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”
पिछले साल संभाली थी जिम्मेदारी
रियाज हमीदुल्लाह ने अप्रैल 2025 में भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त का पद संभाला था। नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग पहुंचने से पहले वह बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) के पद पर कार्यरत थे।
ढाका में भी लगातार संपर्क
इससे पहले 30 सितंबर को बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान से मुलाकात की थी। दोनों के बीच आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 30 सितंबर को बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने आपसी हित के मुद्दों पर विचार साझा किए और भारत-बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों और सहयोग को दोहराया।”
विदेश राज्य मंत्री से भी हुई बातचीत
29 सितंबर 2026 को दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर से भी मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया गया।
लोगों के हित पर दिया गया जोर
मुलाकात के बाद भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 29 सितंबर 2026 को विदेश मामलों के राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर से मुलाकात की। उच्चायुक्त ने राज्य मंत्री का पद संभालने पर उन्हें बधाई दी. बातचीत में दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग जारी रखने पर जोर दिया गया, ताकि भारत और बांग्लादेश के लोगों को इसका फायदा मिल सके।”
भारत ने पहले भी साफ की थी अपनी नीति
इससे पहले 22 सितंबर को भारत ने कहा था कि वह बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ने वाले संबंध चाहता है। भारत ने यह भी स्पष्ट किया था कि दोनों देशों के बीच सभी मुद्दों पर मौजूदा तय व्यवस्थाओं के तहत बातचीत के लिए वह तैयार है।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा था
22 सितंबर को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय की नियमित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, “भारत-बांग्लादेश संबंधों की दिशा को लेकर हम पहले भी कह चुके हैं कि भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य की ओर देखने वाला रिश्ता चाहता है। हम दोनों देशों के बीच सभी मुद्दों पर मौजूदा तय व्यवस्थाओं के तहत बातचीत के लिए तैयार हैं। यही हमारा इरादा है।’’
Read More:
‘7 शर्तें मानो वरना नहीं खुलेगा रास्ता’, ईरान ने अमेरिका को दी सीधी चुनौती!

