IPL के अगले सीजन की तैयारियों के बीच BCCI ने ऑक्शन को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक, इस बार IPL की नीलामी दिसंबर में गोवा में आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि पिछले तीन साल से भारत के बाहर ऑक्शन कराने के बाद बोर्ड ने इस बार आयोजन के लिए भारत को ही चुना है।
गोवा में जुटेंगी IPL टीमें
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि पिछले तीन IPL ऑक्शन सऊदी अरब, दुबई और अबू धाबी में हुए थे। अब दिसंबर में गोवा को नीलामी की मेजबानी दी जाएगी। BCCI सचिव के मुताबिक, लगातार तीन बार विदेश में आयोजन के बाद इस बार भारत में IPL ऑक्शन कराने का फैसला किया गया है। हालांकि, नीलामी की सटीक तारीख की जानकारी उन्होंने नहीं दी।
बारिश के कारण बदला मैच का वेन्यू
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इंडिया ए महिला और ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीमों के बीच होने वाले आगामी T20 मुकाबलों को लेकर भी जानकारी दी। धर्मशाला में लगातार खराब मौसम और बारिश को देखते हुए मैचों को मोहाली स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में मौजूदा मौसम क्रिकेट गतिविधियों के लिए अनुकूल नहीं है। लगातार बारिश के कारण मैचों के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए बोर्ड ने मुकाबलों को मोहाली ले जाने का फैसला किया।
भारत-जापान मैच को बताया नई शुरुआत
BCCI सचिव ने भारत और जापान के बीच हाल ही में खेले गए T20 मुकाबले को भी दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों के लिहाज से अहम बताया। उन्होंने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह मुकाबला केवल एक मैच तक सीमित नहीं है, बल्कि जापान में क्रिकेट को आगे बढ़ाने की दिशा में एक पहल है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक, ICC चेयरमैन जय शाह की पहल के बाद भारत और जापान के क्रिकेट बोर्ड के बीच इस मुकाबले को लेकर बातचीत आगे बढ़ी। उन्होंने बताया कि एडिनबर्ग में जय शाह ने उन्हें जापानी क्रिकेट बोर्ड के अपने समकक्ष के साथ बैठकर जापान में मैच आयोजित करने की दिशा में काम करने को कहा था।
Read More
दिल्ली में 2 लाख नकली रेबीज वैक्सीन का खुलासा, भागीरथ पैलेस से 481 यूनिट जब्त

