पंजाब के खालड़ा सेक्टर में बीएसएफ जवानों ने घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। राजोके बीओपी के पास भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे दो संदिग्ध घुसपैठियों को जवानों ने मार गिराया है। हालांकि, दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
रात 12:35 बजे सीमा पर दिखी संदिग्ध हलचल
घटना गुरुवार देर रात करीब 12 बजकर 35 मिनट की है। राजोके बीओपी पर तैनात बीएसएफ जवान नाइट विजन कैमरों के जरिए सीमा पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तान की तरफ से भारतीय क्षेत्र की ओर कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल दिखाई दी। जवानों ने करीब तीन से चार संदिग्धों को सीमा पार कर आगे बढ़ते देखा। उन्हें रुकने की चेतावनी दी गई, लेकिन संदिग्ध आगे बढ़ते रहे। खतरे को देखते हुए बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की। कार्रवाई में दो घुसपैठिए मारे गए, जबकि बाकी संदिग्धों की स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
फायरिंग के बाद बीएसएफ ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर उनके पाकिस्तान से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी पाकिस्तानी रेंजर्स को भी दी गई है। घुसपैठ की इस कोशिश के बाद शुक्रवार को सीमा से सटे पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं कोई अन्य संदिग्ध भारतीय सीमा में दाखिल तो नहीं हो गया।
नशे और हथियारों की तस्करी का एंगल भी खंगाला जा रहा
सीमा क्षेत्र में पहले भी ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को तस्करी के संभावित एंगल से भी जोड़कर जांच कर रही हैं। हालांकि, सूत्रों की ओर से घुसपैठियों के नशे या हथियारों की तस्करी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन बीएसएफ ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बल हथियार, मादक पदार्थ या किसी अन्य संदिग्ध सामग्री की तलाश कर रहे हैं। साथ ही एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमा पार से आए संदिग्धों का वास्तविक मकसद क्या था और इस पूरी कोशिश के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं था।
Read More
बैंकॉक के मंदिर में घुसी बेकाबू इलेक्ट्रिक कार, 3 लोग घायल, Video Viral


[…] […]