उत्तराखंड में लगातार बिगड़ते मौसम के बीच चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के रेड अलर्ट और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रा 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक स्थगित रहेगी। प्रशासन ने यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में फैसला लिया जाएगा। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। आदेश में उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और मौसम विज्ञान केंद्र से मिले पूर्वानुमानों का हवाला देते हुए जिलों में जारी रेड अलर्ट की स्थिति का उल्लेख किया गया है।
कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए अलग-अलग जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट, जबकि हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार के लिए रेड अलर्ट है। उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।
शनिवार को इन जिलों में स्कूल भी बंद
खराब मौसम के मद्देनजर शनिवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में सभी स्कूल बंद रखे गए। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा स्थगित करने के आदेश के बाद जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। मौसम सामान्य होने पर श्रद्धालुओं की यात्रा फिर शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
CM धामी ने गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने रेड अलर्ट के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने और बेहद आवश्यक होने पर ही मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद सफर करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को भी कहा है। खराब मौसम में पहाड़ी इलाकों में यात्रा को लेकर प्रशासन की निगरानी बढ़ाई गई है।
Read More


[…] […]