उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पत्नी की बेवफाई और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान मोंठ थाना क्षेत्र के पावई गांव निवासी जितेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है। झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत से ठीक पहले उसके दो दर्दनाक वीडियो सामने आए हैं, जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर कमरे में बंद करके मारपीट करने तथा जहर खाने के लिए मजबूर करने का संगीन आरोप लगाया है।
कमरे में बंद करके पीटा और कहा- प्रेमी संग रचाऊंगी शादी
मृतक जितेंद्र द्वारा बनाए गए 20 सेकंड के पहले वीडियो में वह जमीन पर तड़पता और उल्टी करता दिख रहा है। उसने बताया कि उसकी पत्नी का प्रदीप नाम के युवक के साथ अवैध संबंध है। पत्नी उसे लगातार ताने देती थी कि “तू मर जा, मैं प्रदीप के साथ जयमाला डालूंगी।” वहीं, 1 मिनट 27 सेकंड के दूसरे वीडियो में जितेंद्र ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया कि पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा तथा उसके कंधे पर काटा। पत्नी के इस रवैये और बेवफाई से आहत होकर उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
झांसी में किराए पर रहकर करता था मजदूरी
मृतक के भतीजे करण के अनुसार, जितेंद्र अपनी पत्नी, मूक-बधिर बड़े बेटे कपिल और बहू के साथ झांसी की पंचवटी कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर प्राइवेट काम करता था। करीब तीन साल पहले उसके छोटे बेटे आशीष की मौत हो चुकी थी, जबकि बेटी नीलम की शादी हो चुकी है। गांव में ढाई बीघा खेती होने के कारण उसका गांव आना-जाना लगा रहता था। घर पर एक युवक की आवाजाही के दौरान पत्नी की उससे नजदीकियां बढ़ गई थीं। जब जितेंद्र ने इसका विरोध किया, तो घर में आए दिन विवाद और मारपीट होने लगी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी
विवाद बढ़ने पर जितेंद्र बुधवार को अपने गांव पावई पहुंचा और जहर गटक लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मोंठ थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और परिजनों से लिखित तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
READ MORE: चंडीगढ़ में हेड कांस्टेबल की हत्या से फैली सनसनी, मौके पर देसी कट्टा बरामद

